शाम की चाय के साथ चाहिए कुछ चटपटा और कुरकुरा, तो इस आसान रेसिपी से बनाएं स्वादिष्ट ब्रेड रोल

शाम की चाय का समय हो और साथ में कुछ गरमा-गरम, कुरकुरा और चटपटा नाश्ता मिल जाए, तो दिन भर की थकान मिट जाती है। ब्रेड रोल एक ऐसा ही स्नैक है, बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी का पसंद आता है।
इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बहुत आसान है और इसके लिए सामग्री भी आपकी रसोई में आसानी से मिल जाती है। आइए जानते हैं कुरकुरे ब्रेड रोल बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।
सामग्री
ब्रेड स्लाइस- 8-10 (सफेद)
उबले हुए आलू- 4 मध्यम आकार के (मैश किए हुए)
उबली हुई हरी मटर- 1/4 कप
हरी मिर्च- 2-3 बारीक कटी हुई
अदरक- 1 इंच का टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
हरा धनिया- बारीक कटा हुआ
मसाले- आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला, एक चम्मच अमचूर पाउडर और स्वादअनुसार नमक
तेल- तलने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े कटोरे में उबले और मैश किए हुए आलू लें। इसमें उबली हुई मटर, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और सभी सूखे मसाले डालें और इस मिश्रण को अच्छी तरह मिला लें। आप चाहें तो इसमें थोड़ा पनीर या बारीक कटा प्याज भी डाल सकते हैं। अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे सिलेंड्रिकल रोल बना लें और एक तरफ रख दें।
इसके बाद ब्रेड स्लाइस के चारों किनारों को चाकू की मदद से काट लें। अब एक प्लेट में थोड़ा पानी लें। अब एक ब्रेड स्लाइस को पानी में हल्का सा डुबोएं और तुरंत बाहर निकाल लें। ब्रेड को अपनी हथेलियों के बीच रखकर धीरे से दबाएं ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए। ध्यान रहे कि ब्रेड टूटे नहीं, बस वह नरम और नम होनी चाहिए।
अब गीली ब्रेड के बीच में आलू का तैयार किया हुआ मसाला रखें। ब्रेड के किनारों को उठाकर मसाले को चारों तरफ से अच्छी तरह कवर कर दें। इसे अपनी हथेलियों से दबाते हुए एक स्मूथ रोल का आकार दें। ध्यान रखें कि कहीं से भी आलू का मसाला बाहर न दिखे, वरना तलते समय यह तेल सोख लेगा।
अब ब्रेड रोल बनाने के बाद उन्हें तुरंत तलने के बजाय 10-15 मिनट के लिए रख दें। इससे ब्रेड की ऊपरी सतह थोड़ी सूख जाएगी, जिससे तलते समय रोल कम तेल सोखेंगे और ज्यादा कुरकुरे बनेंगे।
इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें। जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो आंच को मध्यम कर दें। सावधानी से 2-3 रोल तेल में डालें। इन्हें तुरंत न पलटें, पहले एक तरफ से थोड़ा सख्त होने दें। उलटते-पलटते हुए इन्हें सुनहरा भूरा होने तक तल लें।
तैयार कुरकुरे ब्रेड रोल को किचन पेपर या टिश्यू पर निकालें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए। इन्हें गरमा-गरम तीखी हरी चटनी या टोमैटो केचप के साथ परोसें।





