शादी के मंडप से सीधे एग्जाम देने पहुंची 10वीं की छात्रा, दुल्हन के लाल जोड़े में आई नजर

वीडियो में शादी के लाल जोड़े में सजी छात्रा 10वीं बोर्ड परीक्षा देने परीक्षा केंद्र में नजर आती है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी पहले से तय थी और उसी दिन बोर्ड परीक्षा पड़ गई।

Viral Video: पढ़ने का जज्बा ही सफलता की कुंजी है, जो ज्ञान और व्यक्तित्व का विकास कर उसे सही दिशा में सोचने की क्षमता प्रदान करता है। यह इंसान का मनोबल बढ़ा उसे कठिन परिस्थितियों में भी हार मानने से रोकता है और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ हर मुश्किल में अवसर ढूंढने की प्रेरणा देता है। हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक 10वीं की छात्रा शादी के मंडप से सीधा परीक्षा केंद्र पहुंची। बताया जा रहा है कि उसकी शादी पहले से तय थी और उसी दिन बोर्ड परीक्षा पड़ गई।

वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक छात्रा पूरी तरह से दुल्हन के कपड़ों में है। 10वीं बोर्ड की परीक्षा देने छात्रा शादी के मंडप से सीधे परीक्षा केंद्र पहुंचती है। इस दौरान उसके परिवार के कुछ सदस्य उसे परीक्षा केंद्र तक छोड़ने भी आए हैं। बताया जा रहा है कि शादी की तारीख पहले से ही तय थी, लेकिन उसी दिन उसकी बोर्ड परीक्षा पड़ गई। ऐसे में उसने अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और शादी के मंडप से सीधे परीक्षा देने पहुंच गई।

हाथों में मेंहदी और माथे पर सिंदुर लगाए दुल्हन के जोड़े में सजी यह छात्रा जब परीक्षा देने पहुंची तो वहां मौजूद लोग भी उसकी लगन और हिम्मत की सराहना करते नजर आए। परीक्षा केंद्र पर मौजूद कई लोगों ने तो इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद कर लिया।

वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स @MukeshMalh12448 पर शेयर किया गया है। जिसके कैप्शन में लिखा है- शादी के मंडप से सीधा बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा देने पहुंची यह छात्रा। ऐसा दावा किया जा रहा है कि छात्रा पढ़ाई में अच्छी है और उसने शादी के बावजूद परीक्षा न छोड़ने का फैसला किया था जिसका उसके परिवार वालों ने भी समर्थन किया था।

सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। एक शख्स ने लिखा- यह घटना दिखाती है कि पढ़ाई और जिम्मेदारी दोनों को साथ लेकर चला जा सकता है। तो वहीं कई यूजर्स छात्रा की प्रतिबद्धता और शिक्षा के प्रति समर्पण की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

Back to top button