शादी का झांसा देकर भारतीय युवतियों से ठगी,मैट्रिमोनियल साइट्स पर

शादी डॉटकॉम और जीवन साथी डॉटकॉम जैसी मैट्रिमोनियल साइट्स के माध्यम से विदेश में शादी का झांसा देकर भारतीय युवतियों से ठगी करने वाले दो नाइजीरियन को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी युवतियों से शादी का वादा करने के बाद उन्हें विदेश से महंगे तोहफे भेजने का झांसा देते थे।उसके बदले कस्टम व अन्य टैक्स के नाम पर युवतियों से मोटी रकम वसूल लेते थे।संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि दिल्ली की युवती का जीवन साथी डॉटकॉम पर प्रोफाइल बना हुआ था। इस बीच खुद को अमेरिका का नागरिक बताकर किसी रोनाल्ड नामक युवक ने युवती से बातचीत शुरू की।
बाद में शादी का प्रपोजल देकर युवती से बराबर बातचीत करने लगा। 20 अक्तूबर 2014 को रोनाल्ड ने बताया कि वह यूएसए से स्पेन जा रहा है। उसने युवती को पार्सल के जरिये मंगनी की रिंग, बैग, कुछ जेवरात, आईफोन और लैपटॉप भेजने की बात बताई। इसके बाद 22 अक्तूबर 2014 को युवती के पास सिमरन कौर नामक एक युवती का फोन आया। युवती ने खुद को मुंबई कस्टम दफ्तर का अधिकारी बताकर उसका पार्सल आने की सूचना दी।





