शराब पकड़े जाने के मामले में पुलिस को सोनू खान की तलाश……

नौबस्ता में डाक पार्सल गाड़ी में हरियाणा से तस्करी कर लाई शराब पकड़े जाने के मामले में पुलिस को सोनू खान की तलाश है। वह हरियाणा से डाक पार्सल गाड़ी को स्कॉर्ट कर रहा था और अंडे की बिल्टी पर शराब की तस्करी कर ले जा रहा था। सोनू के जरिए ही पुलिस शराब तस्करी के गिरोह व नेटवर्क का पता लगा सकती है। फिलहाल पुलिस ने चालक को जेल भेज दिया है।
सोमवार को तस्करी के इस खेल का पर्दाफाश करते हुए सीओ गोविंद नगर आरके चतुर्वेदी ने बताया कि सोनू ही लखनऊ से माल की डिलीवरी बिहार, गोरखपुर आदि स्थानों पर कराता था। सोनू के पकड़े जाने पर बड़े गिरोह के राजफाश होने की उम्मीद है। पुलिस सोनू के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन ट्रेस करने की भी कोशिश कर रही है। साथ ही डाक पार्सल वाहन चालक देहरादून के विकासनगर निवासी इम्तियाज के मोबाइल से मिले नंबरों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपित इम्तियाज को जेल भेज दिया है।
ये था मामला
नौबस्ता पुलिस और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर नौबस्ता फ्लाईओवर पर घेराबंदी करके डाक पार्सल वाहन में अंडे की बिल्टी पर लोड हरियाणा की 543 पेटी देसी शराब पकड़ी थी। पकड़े गए चालक इम्तियाज ने बताया था कि डीसीएम मालिक अंबाला जलपेरा रोड निवासी गौरव सिसोदिया और हरियाणा के प्रदीप गुज्जर ने गाड़ी लखनऊ पहुंचाने के लिए कहा था। सात हजार में सौदा हुआ था। जिसमें दो हजार रुपये उसे एडवांस मिले थे।





