व्हाइट ही नहीं, ‘शीयर पिंक’ से ‘एवोकाडो ग्रीन’ तक; इस समर सीजन ट्रेंड में हैं ये खूबसूरत नेल पेंट्स

अगर आप भी गाढ़े रंग की नेल पालिश लगाकर ऊब गई हैं, तो क्लाउड डांसर रंग के शेड्स आपके नाखूनों को फ्रेश लुक दे सकते हैं। जी हां, गर्मी की दस्तक होते ही बाजार में भी हल्के और आंखों को प्रिय लगने वाले रंगों के नेल पेंट बिकने शुरू हो गए हैं। आइए जानते हैं क्लाउड डांसर के कैसे शेड्स ट्रेंड कर रहे हैं…
हर मौके पर खूब जंचेंगे ये हल्के रंग
माना जाता है कि स्टाइलिश नेल पेट के बिना लड़कियों का लुक अधूरा लगता है। कॉलेज, ऑफिस, पार्टी या शादी, हर मौके पर इन दिनों युवतियां हल्के और सौम्य रंगों को प्राथमिकता दे रही हैं। खास बात यह है कि साल 2026 के लिए ‘क्लाउड डांसर’ को पैंटोन ने कलर ऑफ द ईयर घोषित किया है।
इसके मुताबिक फैशन की दुनिया मैं भी ‘क्लाउड डांसर’ से जुड़े कई शेड्स ट्रेंड करने लगे हैं। इसलिए नेल पेंट में भी न्यूड पारदर्शी और हल्के पेस्टल रंग खूब पसंद किए जा रहे हैं। दरअसल, ये रंग भागदौड़ भरी जिंदगी में शांति और सुकून का एहसास कराते हैं। यही वजह है कि लोग न केवल फैशन और ब्यूटी में बल्कि घरों की सजावट में भी ऐसे पेस्टल रंगों को महत्व दे रहे हैं।
क्लाउड डांसर के शेड्स
गर्मियां आते ही मन को सुकून देने वाले रंगों का चलन बढ़ जाता है। क्लाउड डांसर दरअसल सफेद रंग के कई हल्के शेड्स का समूह है, जैसे ओट व्हाइट, क्लाउड व्हाइट और मिल्की व्हाइट । ये रंग सौम्य, मनमोहक और बेहद क्लासी लगते हैं। खास बात यह है कि व्हाइट के ये शेड्स लगभग हर तरह की पोशाक के साथ आसानी से मेल खा जाते हैं। यही नहीं, किसी भी स्किन टोन पर ये शेड्स अच्छे लगते हैं।
शीयर पिंक
ये गुलाबी के हल्के शेड्स होते हैं। ये रंग नारीत्व और शालीनता का सही संतुलन बनाने में मदद करते हैं। इंडियन और वेस्टर्न दोनों तरह के आउटफिट्स के साथ ये रंग बेहद आकर्षक लगते हैं। सर्दियों में इसका गाढ़ा रूप ज्यादा पसंद किया जाता है, जबकि गर्मियों में शीयर पिंक नाखूनों को ताजगी और हल्की चमक देता है। इसे थोड़ा गहरा लुक देने के लिए डबल कोट भी लगाया जा सकता है।
डेनिम ब्लू
डेनिम ब्लू एक सदाबहार रंग है। इस रंग की जींस, जैकेट लड़कियों में लोकप्रिय हैं, लेकिन अब सौंदर्य की दुनिया में भी इस रंग की मांग हो रही है। इस साल मोनोक्रोमैटिक और कलर ब्लाक स्टाइलिंग के लिए डेनिम के साथ ग्रेश ब्लू (स्लेटी नीला) नेल पालिश का चलन काफी बढ़ गया है।
बादामी रंग
नेल पेंट में इन दिनों बादामी रंग के शेड्स में चाकलेट, डार्क ब्राउन या काफी ब्राउन रंग भी ट्रेंड कर रहे हैं। ये रंग माडर्न होने के साथ-साथ आकर्षक लगते हैं। ट्रेंडिंग नेल कलर्स यह भी याद दिलाते हैं कि स्टाइलिश दिखने के लिए हमेशा भड़कीले रंगों की जरूरत नहीं होती। आजकल कई लड़कियाँ ‘नेल डिटाक्स’ के रूप में न्यूड शेड्स की नेल पालिश लगाना पसंद कर रही हैं। यह उन मौकों के लिए बेहतरीन विकल्प है, जब आप ज्यादा ध्यान आकर्षित नहीं करना चाहतीं, लेकिन अपने नाखूनों को साफ, चमकदार और सादगी भरा लुक देना चाहती हैं।
एवोकाडो ग्रीन
हरा रंग ताजगी, स्वच्छता और प्रकृति का प्रतीक माना जाता है। 2026 की गर्मियों में यह नेल पेंट के लिए एक आकर्षक विकल्प बनकर उभर रहा है। जैतून, एवोकाडो और माचा की याद दिलाने वाला यह शेड बहुत गहरा नहीं होता, लेकिन नाखूनों पर लगाने से साफ्ट लुक देता है।
मेकअप आर्टिस्ट की सलाह
दिल्ली की मेकअप आर्टिस्ट नेहा अग्रवाल का कहना है कि नेल पेंट लड़कियों का आत्मविश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। गर्मियों में अधिकांश लड़कियां हल्के शेड्स के नेल पेंट लगाना पसंद करती हैं। इस साल साफ्ट न्यूड शेड्स जैसे आफ व्हाइट, क्रीम, बेबी पिंक और स्काई ब्लू रंग पसंद किए जा रहे हैं। दरअसल, ऐसे नेल पेंट्स दिखने में बहुत रिफ्रेशिंग लगते हैं। मिनिमल डिजाइन के साथ हल्के रंग नाखूनों को एलिगेंट लुक देते हैं। इसलिए इन्हें ऑफिस, मीटिंग्स या किसी पार्टी में जाने के लिए भी लगा सकती हैं।





