वो ‘आदमखोर मगरमच्छ’, जो है 10 हजार बच्चों का बाप, उम्र 124 साल, कभी चबा जाता था इंसानों को जिंदा!

पानी के सबसे खतरनाक जीवों में मगरमच्छ का नाम शुमार किया जाता है. ये बड़े से बड़े शिकार को जब दबोच लेते हैं, तो उनका जिंदा बच पाना मुश्किल होता है. शायद इसी वजह से ‘पानी में रहकर मगर से बैर’ जैसी कहावतें लोकप्रिय हुईं. आमतौर मगरमच्छ 50 से 75 साल जीते हैं, उनमें से कुछ 120 तक भी जिंदा रहते हैं. लेकिन इनमें नील क्रोकोडायल को सबसे खतरनाक माना जाता है. ऐसे में आज हम आपको ऐसे आदमखोर नील मगरमच्छ के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसका नाम हेनरी है. वो दक्षिण अफ्रीका के क्रॉक्रवर्ल्ड कंजर्वेशन सेंटर में रहता है. 124 साल की उम्र में यह दुनिया का सबसे बूढ़ा मगरमच्छ माना जाता है, जिसने 10,000 से ज्यादा बच्चों को जन्म दिया. लेकिन शुरुआत में ये इंसानों को जिंदा चबा जाता था. इसकी कहानी हैरान करने वाली है.
नील क्रोकोडायल हेनरी ने बीते 16 दिसंबर 2024 को दक्षिण अफ्रीका के क्रॉक्रवर्ल्ड कंजर्वेशन सेंटर में अपना 124वां जन्मदिन मनाया. लाइव साइंस के मुताबिक, इसका जन्म 1900 के आसपास बोत्सवाना के ओकावांगो डेल्टा में हुआ था. अलबामा यूनिवर्सिटी के जीवविज्ञानी स्टीवन ऑस्टैड ने लाइव साइंस को बताया, “वह बहुत बूढ़ा है, 100 साल या 130, हमें ठीक-ठीक नहीं पता, लेकिन 124 साल मगरमच्छ के लिए असंभव नहीं है.” हेनरी की जिंदगी की शुरुआत ओकावांगो डेल्टा में हुई, जहां उसने स्थानीय कबीलों में दहशत मचा दी थी. वो आदमखोर बन चुका था. ऐसा दावा किया जाता है कि उसने कई पुरुषों और बच्चों पर हमला किया. उन्हें जिंदा चबा जाता था. लेकिन 1903 में एक शिकारी सर हेनरी न्यूमैन ने उसे पकड़ा और कबीले के लोगों को उससे मुक्ति मिली. शिकारी हेनरी के नाम पर ही इस आदमखोर मगरमच्छ का नाम रखा गया.
नील क्रोकोडायल हेनरी साल 1985 से क्रॉक्रवर्ल्ड में ही रह रहा है, जहां उसकी देखभाल ने उसकी उम्र बढ़ाने में मदद की. 700 किलो वजन और 16.4 फीट लंबा हेनरी क्रॉक्रवर्ल्ड में छह मादा मगरमच्छों के साथ रहता है और 10,000 से ज्यादा बच्चों का पिता बन चुका है. विशेषज्ञों का मानना है कि क्रॉक्रवर्ल्ड का सुरक्षित माहौल और अच्छी देखभाल उसकी लंबी उम्र का बड़ा कारण है. ऑस्टैड कहते हैं, “जो जानवर सुरक्षित माहौल में रहते हैं, वे ज्यादा जीते हैं.” इसके अलावा, नील मगरमच्छों के खून में मौजूद प्रोटीन बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करते हैं और उनका मजबूत पेट का माइक्रोबायोम इम्यून सिस्टम को ताकत देता है. बता दें कि नील मगरमच्छ उप-सहारा अफ्रीका के 26 देशों में पाए जाते हैं और हर साल सैकड़ों लोगों की मौत का कारण बनते हैं.
मगरमच्छों की उम्र का अध्ययन मुश्किल है, क्योंकि उन्हें छोटी उम्र में पकड़कर टैग करना पड़ता है और फिर सालों तक नजर रखनी पड़ती है. ऑस्टैड मजाक में कहते हैं, “मगरमच्छ वैज्ञानिकों के पूरे करियर से ज्यादा जीते हैं.” हेनरी जैसे मगरमच्छों की स्टडी से हमें उनके इम्यून सिस्टम और लंबी उम्र के राज पता चल सकते हैं. बता दें कि हेनरी का आकर्षण सिर्फ उसकी उम्र तक सीमित नहीं है. उसका विशाल आकार और डरावने दांत उसे क्रॉक्रवर्ल्ड का सितारा बनाते हैं. सितंबर 2024 में टीवी होस्ट रॉबर्ट एलेवा का हेनरी के साथ एक वीडियो वायरल भी हुआ था. उस वीडियो में रॉबर्ट हेनरी के पास गए और काफी डरे हुए नजर आए. क्रॉक्रवर्ल्ड हर साल हेनरी का जन्मदिन धूमधाम से मनाता है, जिसमें मुफ्त कपकेक और रैफल जैसे आयोजन होते हैं. हेनरी की कहानी हमें प्रकृति की ताकत और संरक्षण की अहमियत सिखाती है. वह न सिर्फ एक मगरमच्छ है, बल्कि जैव विविधता का प्रतीक भी है.





