वैष्णो देवी भवन पर आतंकी हमले का अलर्ट, अभेद्य किले में तब्दील धर्मनगरी

खुफिया एजेंसियों द्वारा जारी हाई अलर्ट के बाद धर्मनगरी कटड़ा और माता वैष्णो देवी भवन की सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से कड़ी कर दी गई है। हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। खुफिया इनपुट के अनुसार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के चांदनी चौक सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों, विशेषकर वैष्णो देवी भवन को निशाना बनाने की फिराक में है। इस चेतावनी के बाद पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियां सतर्क मोड पर हैं।

सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए कटड़ा के प्रवेश द्वारों से लेकर भवन परिसर तक अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियों की तैनाती की गई है। क्विक रिस्पांस टीम को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिये यात्रा मार्ग पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

मजदूरों और वाहनों की सघन तलाशी
सुरक्षा बल न केवल श्रद्धालुओं बल्कि यात्रा मार्ग पर सेवा देने वाले घोड़ा, पिट्ठू और पालकी मजदूरों की भी निरंतर जांच कर रहे हैं। कटड़ा से सटी सभी पुलिस चौकियों पर नाकाबंदी कर हर आने-जाने वाले वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा अधिकारियों ने बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
भवन परिसर में पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया विभाग की टीमें संयुक्त रूप से निगरानी कर रही हैं। अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। धर्मनगरी तक सभी संवेदनशील स्थानों पर निरंतर गश्त की जा रही है। पुलिस व सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुखमय बनी रहे। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें।

Back to top button