विफलता छिपाने के लिए BJP ने खड़ा किया ‘राष्ट्रवाद’ का हौव्वा

कांग्रेस ने सोमवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने पिछले 22 माह के शासन की विफलता को छिपानेे के लिए राष्ट्रवाद का हौव्वा खड़ा किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में की गईं टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देश की दुर्गति करने की किसी भी कीमत पर इजाजत नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा कि ‘भारत माता की जय’ के नारे पर कोई विवाद नहीं है, लेकिन भाजपा इसे जबरन राष्ट्रवाद का लिटमस टेस्ट बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘भारत माता की जय’, ‘मेरा भारत महान’ और ‘जय हिन्द’ एक ही भावना के परिचायक हैं। उन्होंने कहा कि जब नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने ‘जय हिन्द’ और भगत सिंह ने ‘इन्कलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाये थे तो क्या वे ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने वालों से कम देशभक्त थे?
तिवारी ने कहा कि राष्ट्रवाद का हौव्वा खड़ा करने का एकमात्र मकसद राजग सरकार की 22 माह की विफलताओं को छिपाना है चाहे वह आर्थिक मोर्चे की बात हो या फिर महंगाई या विदेश नीति का मामला हो। उन्होंने कहा कि यह विडम्बना है कि छद्म राष्ट्रवादी देश में राष्ट्रवाद की ठेकेदारी करने लग गए हैं।





