वायुसेना में एनसीसी महिला कैडेट की भर्ती का रास्ता हुआ और भी आसान

वायुसेना ने महिलाओं की भर्ती बढ़ाने का रास्ता खोला है। उसने एनसीसी की वायुसेना विंग की महिला कैडेट की भर्ती को आसान किया है।अब एनसीसी का सी लेवल सर्टिफिकेट पाने वाली महिला कैडेटों को प्रवेश का विशेष अवसर दिया जाएगा। वायुसेना में भर्ती के लिए उन्हें लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। वे सीधे साक्षात्कार के लिए आवेदन कर सकेंगी।
वायुसेना के एक अधिकारी ने बताया कि इसके लिए ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन 20 मई से शुरू होगा और 15 जून तक चलेगा।
तीनों सेनाओं में भर्ती तीन स्तर पर कंबाइंड डिफेंस सर्विस (सीडीएस) परीक्षा के जरिये की जाती है। पहले लिखित परीक्षा होती है। उसके बाद कर्मचारी चयन बोर्ड (एसएसबी) साक्षात्कार लेता है।
अंत में अभ्यर्थी का मेडिकल टेस्ट कराया जाता है। एनसीसी के सी सर्टिफिकेट वाले अभ्यर्थी को सीधे साक्षात्कार के लिए आवेदन करने का अवसर होता है।
उसे लिखित परीक्षा से छूट गई है। लेकिन अब तक यह सुविधा केवल एनसीसी के पुरुष कैडेटों को दी जाती थी। वायुसेना अधिकारी ने कहा कि समानता सुनिश्चित करने के क्रम में हमने एनसीसी की महिला कैडेटों के लिए भी विशेष प्रवेश रास्ता खोला है।
यह भी पढ़े: खुलासा : झूठा है निर्भया को मिला इंसाफ, सरकारी फाइलों में दफ़न हुआ सबसे बड़ा राज
अब उन्हें वायुसेना की उड़ान शाखा की भर्ती में एनसीसी वायुसेना विंग के पुरुषों के समान अवसर मिलेगा। वायुसेना में पहली बार पिछले साल जून में तीन महिला लड़ाकू विमान पायलटों की नियुक्ति की गई थी।
इनके नाम हैं-फ्लाइंग ऑफिसर अवनी चतुर्वेदी, फ्लाइंग ऑफिसर भावना कंठ और फ्लाइंग ऑफिसर मोहना सिंह। भारतीय सेना में महिलाओं की संख्या बहुत कम है।
वायुसेना में सबसे अधिक 1,350 महिला अधिकारी हैं जबकि थलसेना में 1,300 और नौसेना में 450 महिला अधिकारी हैं। करीब 13 लाख भारतीय सैनिकों में 59,400 अधिकारी हैं।





