ट्रंप ने पलटी मारी, वन चाइना पॉलिसी का सम्मान करने की बात मान ली

बीजिंग/वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रुख बदलते हुए अपने चीनी समकक्ष से बातचीत में वन चाइना पॉलिसी का सम्मान करने की बात मान ली। ट्रंप की चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से गुरुवार को फोन पर लंबी बातचीत हुई। अब दोनों देशों के बीच ताइवान की भूमिका को लेकर कोई विवाद नहीं है।ट्रंप ने पलटी मारी, वन चाइना पॉलिसी का सम्मान करने की बात मान ली

बीते दिसंबर महीने में ट्रंप ने चीन को तब रुष्ट कर दिया था जब उन्होंने फोन पर ताइवान की राष्ट्रपति से बात की थी और अच्छे संबंधों का भरोसा दिया था। उन्होंने अमेरिका की वन चाइना (एकजुट चीन) पॉलिसी की समीक्षा की बात भी कही थी। जबकि चीन ताइवान के स्वतंत्र अस्तित्व को नकारते हुए उसे अपना हिस्सा मानता है।

इसके बाद दोनों देशों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई थी। व्हाइट हाउस ने बयान जारी करके ट्रंप और चिनफिंग के बीच हुई बातचीत की जानकारी दी है। बताया कि राष्ट्रपति चिनफिंग के अनुरोध पर ट्रंप ने वन चाइना पॉलिसी का सम्मान करने का भरोसा दिया है। व्हाइट हाउस के बयान में कहा गया है कि दोनों राष्ट्रपतियों ने आपसी हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

चीनी विदेश विभाग ने भी अलग से बयान जारी करके बताया है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने वन चाइना पॉलिसी का सम्मान करने का भरोसा दिया है। बातचीत के बाद राष्ट्रपति चिनफिंग ने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच संबंध सहयोग की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे। आपसी सहयोग से ही दोनों देशों का विकास होगा और वे आगे बढ़ेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने कहा है कि चीन-अमेरिका के संबंधों में वन चाइना पॉलिसी मुख्य आधार है। उसी पर चलकर दोनों देशों के संबंध मजबूत होंगे। ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग वेन के प्रवक्ता ने भी बयान दिया है कि उनके देश के हित में है कि उसका अमेरिका और चीन के साथ अच्छा रिश्ता बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button