लोगों को गोरखपुर छोड़ने जा रहे बस ड्राइवर को पुलिस ने पीटा

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के कारण पूरे देश को लॉकडाउन किए जाने के बाद बड़ी संख्या में प्रवासी लोग अपने घरों की ओर जाने के लिए पैदल ही निकल पड़े. इस बीच उनके लिए सरकार ने बस का प्रबंध कराया और उन्हें उनके घर तक छोड़ा गया. लेकिन दो राज्यों के बीच बनी सहमति के बाद सरकारी आदेश पर लोगों को छोड़ने जा रहे हरियाणा रोडवेज के एक बस चालक के साथ लखनऊ में तैनात पुलिसकर्मियों ने मारपीट की.
मामला 28-29 मार्च का है जिसमें पलवल रोडवेज डिपो से उच्च अधिकारियों से आदेश मिलने के बाद गाजियाबाद के लालकुआं से सवारियां गोरखपुर छोड़ने के लिए गए रोडवेज चालक के साथ लखनऊ में यूपी पुलिस द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है. घायल चालक ने पलवल पहुंचकर पलवल डिपो के इंस्पेक्टर को मामले से अवगत कराकर शिकायत दर्ज कराई. इस बात को लेकर पलवल डिपो के सभी चालक और परिचालकों में भारी रोष है और सभी उक्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं. इस बीच डिपो इंस्पेक्टर ने भी मामले के बारे में उच्च अधिकारियो को भी अवगत करा दिया है.
कोरोना महामारी को लेकर लॉकडाउन के कारण प्रवासी लोगों का एक स्थान से दूसरे स्थान पर पैदल जाना लगातार जारी था. लोगों की परेशानियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर से मदद की अपील की थी, जिसके चलते सीएम खट्टर ने हरियाणा रोडवेज को पैदल जा रहे लोगों की मदद का आदेश दिया था. 28 मार्च की रात को पलवल बस डिपो में आदेश आया कि गाजियाबाद से सवारियों को लेकर गोरखपुर छोड़ने के लिए जाना है. आदेश मिलते ही 29 मार्च की सुबह पलवल डिपो से 76 गाड़ियों को गाजियाबाद के लिए भेजा गया. जहां से करीब 54 गाड़ियों में बस चालक सवारियों को भरकर अलग-अलग जगह छोड़ने के लिए निकल पड़े.
पलवल बस डिपो की रोडवेज बस जिसका नंबर एचआर 38 एस 0501 है, के बसचालक खुर्शीद ने बताया कि वहां से वह सवारियों को लेकर गोरखपुर के लिए निकल पड़ा. जब खुर्शीद लखनऊ के बाराबंकी चौक पर पहुंचा और बस को रोककर गोरखपुर का रास्ता जानने के लिए वहां तैनात पुलिसकर्मियों से पूछने लगा, तभी पुलिसकर्मियों ने लॉकडाउन तोड़ने के उल्लंघन में चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. बस चालक खुर्शीद ने उन्हें काफी समझाया कि वह सरकारी आदेशों पर ही सवारियों को गोरखपुर छोड़ने के लिए जा रहा है, लेकिन बावजूद इसके पुलिसकर्मियों ने उसकी एक नहीं सुनी और उस पर डंडे बरसाते रहे.
पुलिस की मारपीट के बाद भी घायल चालक अपनी बहादुरी दिखाते हुए वहां से सभी सवारियों को लेकर गोरखपुर छोड़ने के लिए निकल पड़ा और सवारियों को गोरखपुर छोड़कर चालक 31 मार्च की सुबह रोडवेज बस को लेकर पलवल बस डिपो पर पहुंचा और यहां उसने अपने अधिकारियों को आपबीती बताई. ड्यूटी इंस्पेक्टर ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए उच्च अधिकारियों को इस बारे में अवगत करा दिया है.
इस घटना को लेकर पलवल बस डिपो के सभी चालकों और परिचालकों में रोष है और सभी यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उक्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने की मांग कर रहे हैं. साथ ही उनका कहना है कि अगर उनके साथ ऐसी घटनाएं घटती रहीं तो वो आगे से सरकारी आदेशों के बावजूद भी बसों को लेकर कहीं नहीं जाएंगे. इस पूरे प्रकरण पर ड्यूटी इंस्पेक्टर हाकिम अली का कहना है कि उन्हें मामले की शिकायत मिल चुकी है और उन्होंने इस बारे में उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है और वह भी यूपी सरकार से मांग करते हैं कि ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए.

Back to top button