लक्की ओबेरॉय हत्याकांड: आरोपी दलबीरा ने खुद को बताया बेगुनाह

आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की हत्या के मामले में नामजद दलबीर सिंह उर्फ दलबीरा ने खुद को बेगुनाह बताया है। मीडिया के सामने आकर दलबीरा ने कहा कि उसका इस हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है और न ही उसकी कभी लक्की ओबेरॉय से फोन पर बातचीत हुई। 

उसने आरोप लगाया कि एक पुराने विवाद के चलते उसे इस केस में जानबूझकर फंसाया गया है। दलबीरा ने कहा कि पिछले दो वर्षों से वह आपराधिक दुनिया से दूर शांत जीवन जी रहा है, लेकिन प्रधानी और वर्चस्व की लड़ाई ने उसे फिर विवादों में ला खड़ा किया। उसके अनुसार, लक्की ओबेरॉय से उसकी कभी कोई निजी दुश्मनी नहीं रही और धमकियों के दावे निराधार हैं।

शशि शर्मा पर लगाए गंभीर आरोप

दलबीरा ने इस पूरे विवाद के केंद्र में शशि शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि पुरानी रंजिश के चलते उसे फंसाया गया। उसका आरोप है कि शशि शर्मा ने ही लक्की के परिजनों को उकसाकर उसका नाम मामले में डलवाया।

प्रधानी की राजनीति पर सवाल

दलबीरा ने कॉलेज और स्थानीय स्तर की प्रधानी की राजनीति को युवाओं के लिए घातक बताया। उसने कहा कि आपसी विवाद और वर्चस्व की लड़ाई ने हालात बिगाड़े, जिनसे उसका कोई लेना-देना नहीं था।

पुलिस कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग

दलबीरा ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और कहा कि बिना ठोस सबूत के उसे गैंगस्टर की तरह पेश किया गया। उसने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके और उसे राहत मिल सके।

Back to top button