लंच को दें खट्टे-मीठे स्वाद का तड़का, ट्राई करें गुड़ वाली ये 6 सब्जियां

गुड़ भारतीय रसोई का ऐसा खजाना है जो स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखता है। खासकर जब इसे सब्जियों में डाला जाए तो सब्जी का खट्टा-मीठा स्वाद हर किसी को लाजवाब लगता है। गुड़ से बनी सब्जियां उत्तर भारत से लेकर गुजरात और महाराष्ट्र तक बेहद पसंद की जाती हैं।

ये न सिर्फ खाने में जायकेदार होती हैं, बल्कि पाचन को दुरुस्त रखने, शरीर को एनर्जी देने और खून को शुद्ध करने में भी मदद करती हैं। आइए जानते हैं गुड़ से बनी कुछ सब्जियों के बारे में, जो आपके घर में भी हर किसी को खूब भाएंगी।

गुड़ मिलाकर बेहद स्वादिष्ट लगती हैं ये सब्जियां
कद्दू की सब्जी- उत्तर भारत में कई जगहों पर कद्दू की सब्जी में गुड़ डालकर बनाई जाती है। इसमें हींग, जीरा, अदरक-लहसुन और हल्की-सी अमचूर के साथ गुड़ डालने पर यह खट्टा-मीठा जायका देती है। ये पूरी या पराठे के साथ खूब पसंद की जाती है।
करेला गुड़ वाली सब्जी- करेले की कड़वाहट हर किसी को पसंद नहीं आती, लेकिन इसमें गुड़ डालकर पकाने से इसका स्वाद निखर जाता है। गुड़ करेला की कड़वाहट को संतुलित करता है और यह सब्जी न सिर्फ स्वादिष्ट बल्कि डायबिटीज कंट्रोल में भी मददगार होती है।

टिंडे की सब्जी- टिंडे की सब्जी को अक्सर लोग फीका मानते हैं, लेकिन इसमें गुड़ और इमली डालकर बनाई जाए तो इसका टेस्ट दोगुना हो जाता है। यह मसालेदार, खट्टा-मीठा स्वाद परिवार के हर सदस्य को पसंद आएगा।
ग्वार फली की सब्जी- गुजरात और महाराष्ट्र में ग्वार फली को गुड़ डालकर बनाया जाता है। इसमें मूंगफली पाउडर और मसालों के साथ गुड़ डालने पर यह सब्जी बेहद जायकेदार बनती है और चावल या रोटी दोनों के साथ परफेक्ट लगती है।
लौकी की सब्जी- लौकी की सब्जी को अक्सर लोग उबाऊ मानते हैं, लेकिन इसमें गुड़ और टमाटर डालकर बनाई जाए तो इसका स्वाद बदल जाता है। हल्की-सी खटास और मिठास इसे डिनर के लिए बेस्ट ऑप्शन बनाती है।
बैंगन की सब्जी- बैंगन की सब्जी को खासतौर पर महाराष्ट्र में गुड़ डालकर पकाया जाता है। मसालों, नारियल और मूंगफली के साथ गुड़ मिलाकर यह सब्जी गाढ़ी और लाजवाब बनती है। इसे खासकर ज्वार-भाखरी या बाजरे की रोटी के साथ खाया जाता है।

गुड़ से बनी ये सब्जियां सिर्फ खाने में स्वाद ही नहीं बढ़ातीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होती हैं। इनमें खट्टे-मीठे स्वाद का ऐसा कॉम्बीनेशन मिलता है जिसे बच्चे और बड़े सभी पसंद करेंगे। इसलिए अगली बार जब घर में कोई खास डिनर या लंच बनाना चाहें, तो इनमें से किसी एक सब्जी को जरूर ट्राई करें।

Back to top button