रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में किया पेश

फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी मामले में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। मुंबई पुलिस ने इन आरोपियों को क्रिमिनल कोर्ट में पेश किया। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपियों को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुणे पुलिस ने बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के सिलसिले में पांच लोगों- अमन आनंद, आदित्य ज्ञानेश्वर, सिद्धार्थ दीपक, समर्थ और स्वप्निल को हिरासत में लिया है। जिसे देर रात क्रिमिनल कोर्ट में पेश किया गया।
बिश्नोई गैंग से कोई लेना-देना नहीं है
आरोपी के वकील अजय दुबे ने कहा, “पुलिस ने कोर्ट से कस्टडी मांगी और कहा कि फायरिंग की घटना में उनका हाथ था। आरोपियों को नहीं पता कि क्या हुआ है। वांटेड आरोपी लोंकर मास्टरमाइंड के संपर्क में था। गोली किसी और ने चलाई थी।
गिरफ्तार आरोपी एक-दूसरे से जुड़े नहीं हैं, उन्हें CCTV फुटेज देखकर गिरफ्तार किया गया है। हम सहयोग करने के लिए तैयार हैं। सभी दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने चार दिन की पुलिस कस्टडी दी है। आरोपियों का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई लेना-देना नहीं है।”
पांच राउंड हुई फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने मुंबई के जुहू इलाके में नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर शनिवार की रात करीब 12.45 बजे गोलीबारी की। कम से कम पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें से एक गोली इमारत के अंदर मौजूद एक जिम के शीशे के सामने वाले हिस्से पर लगी। घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली। इसके बाद, आरजू बिश्नोई नाम के एक कथित गैंगस्टर ने एक ऑडियो मैसेज जारी किया, जिसमें उसने कथित तौर पर हमले की जिम्मेदारी ली। ऑडियो क्लिप में, बोलने वाले ने खुद को अर्जू बिश्नोई बताते हुए और अपने साथियों शुभम लोंकर और हरि बॉक्सर का जिक्र करते हुए कहा कि शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के पीछे वे ही थे।





