रिश्ते में दिखें ये 7 संकेत तो संभल जाएं, वरना देर हो जाएगी

जब आप किसी को पसंद करते हैं या उससे प्यार करते हैं तो उनकी बुरी आदतों या गलतियों को नजरअंदाज करने लगते हैं। लेकिन अगर बार-बार आपका साथी वही हरकते करता है तो संभल जाएं। रिश्ते या प्यार के नाम पर पार्टनर की हर गलत हरकत को अनदेखा न करें, क्योंकि ये आपके रिश्ते को बचाता नहीं, बल्कि खोखला बनाता है।
हर रिश्ता भरोसे, सम्मान और समझदारी पर टिका होता है। लेकिन जहां इन चीजों की कमी दिखे वहां तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए। पार्टनर या रिश्ते में दिखने वाले वह संकेत जो आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकते हैं, उन्हें रिलेशनशिप का रेड फ्लैग्स (Red Flags) कहा जाता है।
अगर आपके रिश्ते में ये संकेत दिख रहे हैं, तो समय रहते संभलना जरूरी है। रेड फ्लैग्स को नजरअंदाज करना भविष्य में मानसिक तनाव का कारण बन सकता है। खुलकर बात करें और जरूरत पड़े तो विशेषज्ञ की सलाह लें। आइए जानते हैं क्या है आपके रिश्ते में रेड फ्लैग और कैसे पहचानें।
जरूरत से ज्यादा कंट्रोल करना
प्यार के नाम पर पार्टनर आपसे अपनी मनमर्जी करता है या अपने फैसले आप पर थोंपता है तो इसे उनका प्यार या परवाह समझने की भूल न करें। अगर पार्टनर आपकी हर गतिविधि पर नजर रखता है, दोस्तों से मिलने से रोकता है या हर फैसले में दखल देता है, तो यह हेल्दी रिलेशनशिप नहीं है।
बार-बार झूठ बोलना
एक अच्छे और सच्चे रिश्ते में ईमानदारी व सच्चाई होती है। लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जहां लोग अपने पार्टनर से बातें छुपाते हैं या उनसे झूठ बोलते हैं। बार-बार पार्टनर से झूठ बोलने का मतलब है कि आपके रिश्ते में विश्वास है ही नहीं। छोटे-छोटे झूठ भी रिश्ते की नींव कमजोर कर देते हैं। इसलिए पार्टनर अगर झूठ बोलता है और आप उनका झूठ कई बार पकड़ चुके हैं तो अब उनके झूठ और अपने रिश्ते दोनों पर ब्रेक देने की जरूरत है।
गुस्से में अपमान करना
कपल के बीच बहस या विवाद होना स्वाभाविक है। लड़ाई झगड़े गलत नहीं लेकिन इस दौरान अपनी सीमा भूल जाना और गुस्से में पार्टनर का अपमान करना गलत है। बहस के दौरान पर्सनल अटैक, गाली, बेज्जती या मारपीट बड़ी चेतावनी है कि आपके रिश्ते में सम्मान नहीं है। और जहां सम्मान नहीं होता, वहां प्यार जहर के समान हो जाता है।
गैसलाइटिंग
गैसलाइटिंग एक तरह का मानसिक शोषण है। इसमें पार्टनर आपकी याददाश्त, धारणा और मानसिक स्थिति पर संदेह करने को मजबूर कर देता है। पार्टनर आपको गलत साबित करने की कोशिश में आपको ही दोषी ठहराने लगता है। तुम पागल हो क्या, मैंने ऐसा कभी कहा ही नहीं, तुम बात का बतंगड़ बनाती हो, तुम्हारी याद बहुत कमजोर होती जा रही है, आदि ये वो बातें हैं जो पार्टनर अक्सर कहकर आपको गलत साबित करने का प्रयास करते हैं। खुद पर संदेह न करें, आपके रिश्ते में हो रही इस गैसलाइटिंग को समझें।
भरोसे की कमी
क्या आपका पार्टनर चुपके चुपके आपका फोन चेक करता है? आपके दोस्तों को पसंद नहीं करता है या अक्सर आपके किसी खास दोस्त को लेकर टाॅन्ट देता है? इसका मतलब है कि वह आप भी शक करता है। शक रिश्ते को खोखला बनाता है। हर समय शक करना रिश्ते को धीरे-धीरे खत्म कर देता है।
इमोशनल सपोर्ट न देना
कपल एक दूसरे पर भावनात्मक तौर पर निर्भर होते हैं। वह एक दूसरे का साथ मुश्किल वक्त में देते हैं और उम्मीद करते हैं कि जब वह अकेलापन महसूस करें या दुखी हों तो उनका साथी उन्हें संभाले। लेकिन अगर आपके रिश्ते में इस चीज की कमी है तो आपको सावधान हो जाना चाहिए। अगर मुश्किल समय में साथ न मिले, तो रिश्ता अधूरा रह जाता है।
भविष्य की अनिश्चितता
कुछ कपल एक दूसरे के साथ घूमते फिरते हैं, लेकिन भविष्य को लेकर पार्टनर उन्हें कोई ठोस उत्तर नहीं दे रहा होता है। वह कमिटमेंट से बचने को कोशिश करे और भविष्य को लेकर उनकी कोई योजना न हो तो आपको इस रिश्ते के बारे में दोबारा सोचना चाहिए। क्योंकि हो सकता है कि आपका साथी सिर्फ टाइमपास कर रहा हो। उसके मन में आपके लिए प्यार न हो। ऐसे में भविष्य में आपका दिल ही दुखेगा।





