राहुल कांग्रेस अध्यक्ष बनते हैं तो बीजेपी के अच्छे दिन आ जाएंगे

मानव संसाधन और विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की खबरों पर कहा है कि ऐसा हुआ तो बीजेपी के लिए अच्छे दिन आ जाएंगे। उन्होंने एक इंटरव्यू में राहुल गांधी पर हमलों की वजह पूछे जाने पर कहा कि उनसे पत्रकार सवाल पूछते हैं तो वह जवाब दे देती हैं। स्मृति ने अपने ऊपर होने वाले हमलों को लेकर कहा कि उन्हें सोशल मीडिया में इसलिए निशाना बनाया जाता है, क्योंकि वह पर्सनल अटैक का पलटकर जवाब दे देती हैं। कैबिनेट मंत्री होने के बावजूद इस तरह के विवादों में पड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा है कि उन्हें पत्रकार निशाना बनाते हैं।
स्मृति ने कहा- “हमने किसी भी यूनिवर्सिटी के कामकाज में कोई दखल नहीं दिया है। सिर्फ हैदराबाद यूनिवर्सिटी को छोड़ दें तो संसद के बाहर या संसद के अंदर जो भी मेरे मुंह से निकला, वह फैक्ट्स पर बेस्ड था। मैंने हर चीज के पेपर प्रेजेंट किए हैं।”
– बता दें कि इस यूनिवर्सिटी में रिसर्च स्टूडेंट रोहित वेमुला ने सुसाइड कर लिया था। बीजेपी की स्टूडेंट विंग पर राहुल को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगा था।
स्मृति ने जेएनयू में फरवरी में हुई देशविरोधी नारेबाजी और उसके बाद बने राजनीतिक माहौल पर भी जवाब दिए। स्मृति के मुताबिक- “यह किसी भी यूनिवर्सिटी के लॉ एंड ऑर्डर का मामला है। यदि कोई कॉलेज और यूनिवर्सिटी सोचती है कि लॉ एंड ऑर्डर को चैलेंज किया गया है तो उसे एक्शन लेना चाहिए।” “क्या मुझे कहना चाहिए कि पॉलिटिकल इंटरेस्ट के हिसाब से आप पुलिस को कॉल करें।” “जेएनयू एडमिनिस्ट्रेशन ने डिसीजन लिए हैं। उसमें केंद्र सरकार का कोई रोल नहीं था।” “इसके पहले भी जेएनयू में चैलेंज आए। 2009 में लाठीचार्ज हुआ था। तब राहुल गांधी कहां थे?” बता दें कि यूनिवर्सिटी में देशविरोधी नारेबाजी का वीडियो सामने आने के बाद स्टूडेंट्स यूनियन लीडर कन्हैया कुमार और उसके साथियों को अरेस्ट किया गया था। कन्हैया ने मोदी सरकार पर जेएनयू के मामलों में दखल देने का आरोप लगाया था।
साभार : न्यूज़ मंथन .कॉम





