राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार विधानसभा पहुंचे नितिन नवीन

बिहार विधानसभा में नितिन नवीन का सत्ता पक्ष के विधायकों ने जमकर स्वागत किया। भाजपा विधायकों ने भारत माता और जय श्रीराम के नारे लगाए। हालांकि, उस वक्त विपक्ष के नेता सदन में नहीं थे। पूरा विपक्ष सदन से बाहर था। इस बीच भाजपा, जदयू, लोजपा रामविलास, रालोमो और हम पार्टी ने सदन में नितिन नवीन को बधाई दी।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दो दिवसीय दौरे पर बिहार में हैं। मंगलवार दोपहर वह राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार विधानसभा पहुंचे। विधानसभा की कार्यवाही चल ही रही थी कि इसी बीच बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन सदन पहुंच गए। उनके आते ही सभी विधायकों ने भारत माता और श्री राम के जयकारे लगाए। सभी नेताओं ने उन्हें बधाई दी। इसके बाद विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि यह बहुत ही हर्ष का विषय है कि नितिन नवीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सदन में आए हैं। आप सभी उन्हें बधाई दें।

जदयू की ओर से मंत्री विजय चौधरी ने क्या कहा?
संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि सदन के लिए यह गर्व की बात है कि हम सब के बीच से एक नेता बहुत बड़े पद पर पहुंचे हैं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी बधाई देते हैं। हमलोगों को लगता है कि जिन लोगों ने नितिन नवीन को नजदीक से देखा है तो भाजपा नेतृत्व का यह चयन स्वभाविक ही है। क्योंकि उन्होंने सर्वोच्च पद पर आसीन करने के लिए व्यक्तियों के चयन के सिलसिले में जो भी मापदंड या मानदंड निर्धारित किए होंगे, उसमें हमारे नवीन न सिर्फ खड़े उतरे होंगे, बल्कि जितने भी नामों भी विचार चल रहा होगा, उन सब पर इनका स्थान अव्वल रहा होगा।

नवीन जितने सरल हैं, उतने ही दक्ष हैं। जितने ही सहज हैं, उतने ही कुशल हैं। सरकार में एक मंत्री के रूप में दायित्वों का निर्वहन भी उन्होंने बखूबी किया। इससे हमलोग काफी प्रभावित हैं। इस उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि असाधारण है। भाजपा नेतृत्व का भरोसा भी असाधारण है। हम सदन के सदस्यों और बिहार वासियों की तरफ से भाजपा नेतृत्व को बधाई देते हैं। हम अपने नवीन को शुभकामनाएं देते हैं। हमें उम्मीद है कि नितिन नवीन भाजपा को भी उस ऊंचाई तक पहुंचा देंगे, जिससे भविष्य में भी किसी बिहारी पर भरोसा करने में हिचक न हो। नितिन नवीन बिहारियों के लिए भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज नेतृत्व और बिहार दोनों चमक रहा है।

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
वहीं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नितिन नवीन सदन में आए हैं। भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है इस सदन का कोई व्यक्ति विधायक रहते हुए इतनी बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना हो। एक बिहारी को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने का काम हमारे नेतृत्व ने किया यह बहुत बड़ी बात है।

प्रधानमंत्री संगठन के तौर पर जिस व्यक्ति को बॉस मानते हों, वह संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेंगे। नितिन नवीन ने बिहार में मंत्री पद पर रहते हुए काफी अच्छा काम किया। बिहार में 17000 हजार करोड़ का इन्वेस्टमेंट लाने वाले ये पहले मंत्री हैं। संगठन के तौर पर भी हमें अपने आप में गौरव महसूस हो रहा है। बिहार की जनता ने 200 से अधिक सीटें देकर बिहार में एनडीए की सरकार बनाई। उसका प्राइज नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में देखना है।

लोजपा रामविलास की ओर से राजू तिवारी ने क्या कहा?
लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास की ओर से बोलते हुए राजू तिवारी ने कहा कि आज ऐतिहासिक पल है। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हमारे सदन के सहयोगी नितिन नवीन बने हैं। हमलोग लोजपा रामविलास और बिहारवासियों की ओर से उन्हें बधाई देते हैं। बिहार का नाम इनके माध्यम से मजबूत हुआ है। बिहारियों पर भरोसा जो पीएम मोदी और गृह मंत्री ने किया है, उसके लिए हमलोग उन्हें भी बधाई देते हैं।

Back to top button