राष्ट्रपति के इफ्तार में नहीं पहुंचा भाजपा का कोई भी नेता-मंत्री

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की इफ्तार पार्टी में शामिल न होने पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता मुख्तार नकवी ने सफाई दी है. नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल्दी में उसी समय संसदीय मामलों की कैबिनेट कमिटी की बैठक बुला ली, इस वजह से इफ्तार पार्टी में शामिल नहीं हो पाए.
बता दें कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के कार्यकाल में यह आखिरी इफ्तार पार्टी थी, लेकिन कोई भी केंद्रीय मंत्री या सरकार का प्रतिनिधि इस पार्टी में शामिल नहीं हुआ. राष्ट्रपति की ओर शुक्रवार की शाम इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था.
प्रधानमंत्री बनने के बाद से नरेंद्र मोदी इफ्तार पार्टी के कार्यक्रमों से दूर रहे हैं. हालांकि राजनाथ सिंह और अरुण जेटली जैसे दिग्गज मंत्री इफ्तार पार्टियों में शामिल होते रहे हैं.
#PresidentMukherjee hosted an Iftar Reception at Rashtrapati Bhavan today pic.twitter.com/XmB3IC3i5k
— President of India (@RashtrapatiBhvn) 23 June 2017
शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट का एक भी मंत्री राष्ट्रपति की इफ्तार पार्टी में नहीं पहुंचा. दूसरी ओर विपक्ष की ओर से कई शीर्ष नेता इफ्तार पार्टी में शामिल हुए. इनमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, सीताराम येचुरी शामिल हैं.
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल 25 जुलाई को खत्म हो रहा है.





