रायबरेली: अवैध खनन करना पड़ा महंगा, जेसीबी सहित ट्रैक्टर सीज
रायबरेली। गदागंज क्षेत्र में जेसीबी चालको को अवैध खनन करना महंगा पड़ गया है। खनन में लगी दो जेसीबी सहित पांच ट्रैक्टरों को गदागंज पुलिस ने पकड़ कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहनों को सीज करते हुए इसकी सूचना एसडीएम व एडीएम वित्त एवं राजस्व को दे दी है।
गदागंज थाना प्रभारी को लगातार अवैध कटान व मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थी। सोमवार देर शाम थाना क्षेत्र में अलग-अलग दो स्थानों पर जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली से अवैध खनन हो रहा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ जा पहुंचे और देवगनपुर मजरे धूता में अवैध खनन में लगी एक जेसीबी व तीन ट्रैक्टर ट्राली को खनन करते हुए पकड़ा।
साथ ही दूसरी सूचना मिली की कोलवा मजरे हमीरमऊ में भी जेसीबी द्वारा अवैध खनन किया जा रहा है। वहां पर भी जेसीबी के साथ दो ट्रैक्टर ट्राली अवैध खनन करते हुए पाए गए सभी को पकड़ कर थाने लाया गया और सीज करने की कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त दो जेसीबी सहित पांच ट्रैक्टर ट्राली को सीज किया गया है। रिपोर्ट उपजिलाधिकारी डलमऊ एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व को भेज दी गई है।
जहरीले जंतु के काटने से किसान की मौत
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में खेतों में पानी लगाने जा रहे एक किसान को जहरीले जंतु ने काट लिया। जिसके बाद जब वह अचेत हो गया तो परिजनों के जानकारी होने पर उसे आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक पूरे अमन सिंह मजरे भगवंतपुर चंदनिया निवासी हरकेश सिंह पुत्र जयकरण सिंह 40 वर्ष मंगलवार को खेतों में पानी लगाने के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में किसी जहरीले जंतु ने काट लिया जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी परिजनों उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। अचानक हुई घटना से पत्नी बबीता सिंह पुत्र आयुष एवं पुत्री आयुषी का रो रो कर बुरा हाल है।





