राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, इस बार सबसे खास होगा देहरादून का ‘वंदेमातरम गायन’

परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस की परेड के बाद वंदेमातरम गायन कार्यक्रम का आयोजन होगा। हजारों की तादात में लोग वंदेमातरम का गायन करेंगे। वहीं इससे पहले राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने राजभवन में तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के विकास की कामना की और जनता से संविधान का सम्मान करने की अपील की। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी ध्वजा रोहण किया।राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, इस बार सबसे खास होगा देहरादून का 'वंदेमातरम गायन'

वंदेमातरम गायन कार्यक्रम के दौरान आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन रहेगा। इसके  साथ ही विक्रमों और सिटी बसों के रूट में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही आम लोगों के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी तय किए गए हैं। 

ये हैं पार्किंग स्थल 
– पवेलियन ग्राउंड में कार मोटरसाइकिलेें पार्क होंगी। 
– रेंजर्स ग्राउंड में बसों व अन्य वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था रहेगी। 

विक्रमों के लिए रूट व्यवस्था 
– 02 नंबर विक्रम के सभी विक्रम सहस्रधारा क्रासिंग से वापस डायवर्ट कर दिए जाएंगे। 
– 03 नंबर रूट के सभी विक्रम महाराजा अग्रसेन चौक से तहसील चौक से दून चौक, एमकेपी चौक से सीएमआई की ओर से भेजे जाएंगे। 
– 05 व 08 नंबर विक्रम रेलवे गेट से डायवर्ट कर दिए जाएंगे। 
– प्रेमनगर रूट के सभी विक्रम आवश्यकतानुसार प्रभात कट से वापस जाएंगे। 

बसों के लिए व्यवस्था 
सिटी बसों के लिए  
– आईएसबीटी की ओर से आने वाली सिटी बसें तहसील चौक से दून चौक-एमकेपी होते हुए भेजी जाएंगी।
– राजपुर रोड की ओर जाने वाली सिटी बस दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए राजपुर की ओर जाएंगी।
– रायपुर रोड से आने वाली सिटी बसें चूना भट्ठा से वापस डायवर्ट कर दी जाएंगी।

बैरियर व्यवस्था 
आउटर प्वाइंट : सर्वे चौक, मनोज क्लीनिक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, ओरिएंट चौक, पैसेफिक तिराहा। केवल वीआईपी व पासधारक वाहन सीमित संख्या में प्रवेश कर सकेंगे।
इनर प्वाइंट : रोजगार तिराहा, कनक चौक, डूंगा हाउस, लैंसडौन चौक, कान्वेंट तिराहा। पासधारक वाहनों को छोड़कर इनर प्वाइंट से कोई भी वाहन परेड ग्राउंड की ओर नहीं जाएगा। नागरिक परेड ग्राउंड मैदान के बाहर निर्धारित पार्किंग में अपने वाहन पार्क कर पैदल परेड ग्राउंड के प्रवेश द्वार से प्रवेश करेंगे।  

मुख्यमंत्री ने दी गणतंत्र दिवस की बधाई 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश के लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धासुमन करने के साथ देश के लिए अपने जीवन की आहुति देने वाले वीर जवानों को भी नमन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भारत के निर्माण में उत्तराखंड अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहा हैं। विकास का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों की जनता तक पहुंचाने का सरकार भरसक प्रयास कर रही है। उनकी सरकार प्रदेश में पारदर्शी, ईमानदार और कुशल शासन देने को कटिबद्ध है। 

परेड में दिखेगी सौभाग्य और आयुष्मान योजना की झलक

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह के आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। इसके लिए जिलाधिकारी, एसएसपी समेत जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों ने परेड मैदान का निरीक्षण कर समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को हिदायत दी कि बाकी तैयारियों को समय रहते पूरा कर लिया जाए। 

दूसरी ओर गणतंत्र समारोह को लेकर तमाम विभागाें की ओर से झांकियां तैयार कर ली गई हैं। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उरेडा की ओर से घर-घर बिजली, घर-घर प्रकाश’ वाली झांकी तैयार की गई है। उत्तराखंड पुलिस की ओर से निकाली जा रही झांकी में आपदा प्रबंधन की झलक दिखाई देगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार झांकी में ‘अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना’ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स, शिक्षा विभाग की ओर से’ आदर्श विद्यालय’ ग्राम्य विकास विभाग की ओर निकाली जा रही झांकी में मनरेगा योजना, प्रधानमंत्री आवास तथा नेशनल लाइवलीहुड रूरल मिशन की थीम पर झांकियां निकाली जाएंगी। इन विभागों के अलावा स्वजल, पर्यटन, उद्यान, राष्ट्रीय राजमार्ग, विकास प्राधिकरण समेत 11 विभागों की ओर से आकर्षक झांकियां निकाली जा रही हैं।

परेड में 11 विभागों के सुरक्षा दस्ते करेंगे मार्च पास्ट 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाली परेड के लिए पुलिस समेत तमाम विभागों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में मार्च दस्तों में सेना, आईटीबीपी, पीएसी, उत्तराखंड पुलिस, हिमाचल पुलिस, उत्तराखंड विशेष पुलिस, उत्तराखंड विशेष पुलिस महिला, होमगार्ड, पीआरडी, एनसीसी ब्वायज, एनसीसी गर्ल्स समेत कुल 11 दस्ते गणतंत्र दिवस परेड में मार्च पास्ट करेंगे।

गणतंत्र दिवस पर सरकार एयर एंबुलेंस सेवा आरंभ करेगी

प्रदेश के करीब 20 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में सरकार बच्चों को पौष्टिक ऊर्जा आहार के साथ ही हफ्ते में दो दिन दूध भी उपलब्ध कराएगी। करीब 13 हजार आशा कार्यकर्ताओं को भी प्रदेश सरकार खुशखबरी देने जा रही है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह एलान किया है। हालांकि आशा कार्यकर्ताओं के बारे में वे क्या खुशखबरी देने जा रहे हैं, इसका उन्होंने खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार एक हफ्ते में इसके बारे में निर्णय लेगी। 

अपने सरकारी आवास पर पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने अपनी करीब 22 महीनों की सरकार में लिए गए नीतिगत फैसलों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन से छह साल तक के बच्चों की संख्या लगभग ढाई लाख है। इन सभी को उत्तराखंड डेयरी फेडरेशन के माध्यम से सप्ताह में दो दिन दूध भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस पर सरकार एयर एंबुलेंस सेवा आरंभ करेगी।

हालांकि सरकार ने अभी इसके लिए अलग से हेलीकॉप्टर नहीं खरीदा है, लेकिन पूर्व घोषणा के तहत आवश्यकता के अनुसार निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर से सेवा आरंभ होगी। इसका संचालन स्वास्थ्य विभाग करेगा।  उन्होंने कहा कि इसी वित्तीय वर्ष में सरकार टेली पैथोलॉजी शुरू करेगी। जुलाई-अगस्त तक पूरा प्रदेश 100 प्रतिशत इंटरनेट सुविधा से जुड़ जाएगा। 

Back to top button