राजस्थान में कार्यकाल के दो साल पूरे होने से पहले सीएम भजनलाल का दावा

राजस्थान में भाजपा की सरकार बने हुए दो साल पूरे होने वाले हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। एक सप्ताह बाद दो साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। रविवार को जयपुर के दुर्गापुरा कृषि अनुसंधान केंद्र में भाजपा की सोशल मीडिया वॉरियर्स मीट का आयोजन किया गया। इस मीट में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने इस दो वर्ष में संकल्प पत्र के 70 फीसदी वादे पूरे कर दिए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को बिना किसी भेदभाव के 28 करोड़ रुपए दिए हैं।

पेपर लीक मामले में कांग्रेस को घेरा
सीएम भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय में बार-बार पेपर लीक हुए जिससे युवाओं के सपनों के साथ कुठाराघात हुआ। भाजपा की सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हम युवाओं के सुनहरे भविष्य के लिए भर्ती परीक्षाओं का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता के साथ कर रहे हैं। राज्य सरकार बीते 2 वर्षों में 92 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी। इस महीने भी लगभग 15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

गहलोत के दो साल में 50 फीसदी वादे हुए थे पूरे
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय अशोक गहलोत मुख्यमंत्री थे। दिसंबर 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी थी और दिसंबर 2020 में तत्कालीन गहलोत सरकार के दो साल पूरे हुए थे। दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर गहलोत ने कहा था कि कांग्रेस के घोषणा पत्र के 50 फीसदी वादे दो साल में पूरे कर लिए गए हैं। गहलोत ने उस वक्त कहा था कि कोरोना काल के बावजूद उनकी सरकार ने अच्छा काम किया। बार-बार चुनाव की आचार संहिता भी लागू होती रही। इसके बावजूद भी सरकार ने अपने कामकाज में कोई कमी नहीं रखी।

ये उपलब्धियां भी गिनाई मुख्यमंत्री ने
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार के गठन के साथ ही प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार किया गया। उसी के अनुरूप योजनाएं और नीतियां बनाई गई। लंबे समय से लंबित रामजल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौते को भाजपा सरकार ने गति दी। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान लगभग 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू किए। जिनमें से 7 लाख करोड़ से अधिक के धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राजस्थान में किसानों को किसान सम्मान निधि के 9000 रुपये मिल रहे है। पशुपालकों को डेढ़ लाख का गोपालक क्रेडिट कार्ड और दूध पर 5 रुपए प्रति लीटर का अनुदान भी दिया जा रहा है। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के 22 जिलों के किसानों को दिन के समय में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और वर्ष 2027 तक पूरे प्रदेश में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button