राजस्थान: नेता प्रतिपक्ष ने मंत्री के बेटे पर लगाए गंभीर आरोप

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जनजातीय क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी के बेटे पर जमीन खरीद को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट भी डाली है।
राजस्थान में आदिवासी क्षेत्र से जुड़ी राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक बड़ा बयान देते हुए टीएडी (जनजाति क्षेत्रीय विकास) विभाग के मंत्री बाबूलाल खराड़ी के बेटे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जूली ने आरोप लगाया कि मंत्री के पुत्र द्वारा 52 बीघा जमीन की खरीद को लेकर स्थानीय आदिवासियों ने जो सवाल उठाए हैं, वे बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा और कल्याण की जिम्मेदारी है, वे ही अपने हित साधने में जुटे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से इस पूरे मामले की तत्काल उच्चस्तरीय जांच के आदेश देने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर इन रजिस्ट्रियों को राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव डालकर करवाया गया है तो सरकार को इन्हें तुरंत रद्द करवाना चाहिए।





