रणथंभौर टाइगर रिजर्व: टाइगर सफारी के दौरान बिगड़ी जिप्सी, अचानक बैरिंग-सस्पेंशन रॉड टूटी

रणथंभौर टाइगर रिजर्व के जोन 2 में सफारी के दौरान जिप्सी की बैरिंग और सस्पेंशन रॉड टूट गई। हालांकि चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। वन विभाग ने वैकल्पिक वाहन भेजकर पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व में शुक्रवार सुबह टाईगर सफारी के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रणथंभौर के जोन नंबर 2 में सफारी पर गई जिप्सी का अचानक बैरिंग और सस्पेंशन रॉड टूटने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया।

जिप्सी के अचानक हिलने से उसमें बैठे पर्यटक घबरा गए। हालांकि चालक की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति को संभाल लिया गया। चालक ने तुरंत जिप्सी को मुख्य मार्ग से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और सभी पर्यटक सुरक्षित रहे।

वन विभाग ने भेजी वैकल्पिक जिप्सी
जानकारी के अनुसार, सुबह की पारी में पर्यटक जोन दो के परिक्रमा मार्ग पर भ्रमण कर रहे थे, तभी जिप्सी में तकनीकी खराबी आ गई। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग ने वैकल्पिक रूप से तैनात जिप्सी मौके पर भेजी और सभी पर्यटकों को सुरक्षित जंगल से बाहर निकाला। इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

फिटनेस और निगरानी पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रणथंभौर में संचालित पर्यटन सफारी वाहनों की फिटनेस और मॉडल कंडीशन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व में भी तकनीकी खामियों के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। रणथंभौर जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पर्यटन स्थल पर इस प्रकार की घटनाएं पर्यटकों की सुरक्षा और प्रदेश की पर्यटन छवि दोनों के लिए चिंता का विषय मानी जा रही हैं।

Back to top button