जानिए यूपी में कौन है सीएम पद का प्रबल दावेदार,BJP और RSS की लिस्ट


तो संघ की चर्चाओं में गोरखपुर के सांसद आदित्य नाथ का नाम सबसे आगे है। तो सहारनपुर रैली में पीएम मोदी के जरिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव मौर्य को नौजवान कहे जाने के भी मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल असम की सफलता के बाद भाजपा आलाकमान ने वैसा ही दांव यूपी में चलने का मन बनाया है। इसलिए सूबे के चुनाव के लिए चेहरा चयन को लेकर पार्टी में मंथन का दौर जारी है।
इस प्रयास में प्रदेश के संघ अधिकारियों से अनौपचारिक चर्चाओं के पार्टी ने सर्वे का रास्ता भी अपनाया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश के संघ अधिकारियों के बीच बीते दिनों यूपी के चेहरे को लेकर हुई अनौपचारिक चर्चा में आदित्य नाथ के अलावा केशव मौर्य, स्मृति ईरानी, दिनेश शर्मा और महेश शर्मा के नाम पर मंथन हुआ। लेकिन वहां भी किसी एक चेहरे पर सहमति नहीं बन पाई है।
पार्टी के जरिए कराए सर्वे में वरूण, राजनाथ और स्मृति का नाम ऊपर है। लेकिन भाजपा नेतृत्व के साथ रिश्ते ठीक न होना वरूण की राह में सबसे बड़ा रोड़ा है। तो राजनाथ सिंह पार्टी एवं सरकार के कदावर नेता है। उनपर दांव खेलना भी किसी जोखिम से कम नहीं लग रहा है। स्मृति ईरानी की शैली के कार्यकर्ता तो कायल हैं। मगर उनपर बाहरी होने का ठप्पा चिपकने का भय सता रहा है।
चुनाव के दौरान विपक्षी दल उनके बाहरी के मुद्दे को हवा दे सकते हैं। सर्वे में चौथा नाम महेश शर्मा का है। लेकिन शर्मा अभी केंद्र सरकार में शासन का अनुभव हासिल करना चाहते हैं। अन्य नामों में रेल राज्य मंत्री मनोज सिंहा का नाम भी चर्चा में है। वैसे मोदी और शाह की जोड़ी प्रदेश में कुछ नया ही करने के मूड़ में है। पुराने चेहरों के बजाय पार्टी नौजवान चेहरों पर दांव खेलेगी। सहारनपुर की रैली में पीएम मोदी ने इस बात के संकेत भी दे दिए हैं।