यूपी-बिहार समेत 17 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश

दक्षिण भारत और उत्तर पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मानसून का आगमन हो चुका है, जिसके कारण पिछले कई दिनों से इन जिलों में भारी बारिश देखने को मिल रही है। खासकर असम समेत कई उत्तर पूर्वी राज्यों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। वहीं, उत्तर भारत में बेशक अभी मानसून की एंट्री नहीं हुई है, लेकिन आज देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार (6 जून) को यूपी और बिहार समेत पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। साथ ही पश्चिमी राजस्थान और तमिलनाडु में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
17 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश
IMD के ताजा अपडेट के अनुसार देश के ज्यादातर राज्यों में आज तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इस लिस्ट में पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़,झारखंड, ओडिशा, राजस्थान, बिहार, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के नाम शामिल हैं।
उत्तर पूर्वी राज्यों में बाढ़
मानसून की एंट्री के बाद से ही उत्तर पूर्वी राज्यों के कई हिस्सों में बाढ़ आ गई है। वहीं, अभी इन राज्यों को बारिश से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। असम, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
हीट वेव का अलर्ट
जहां एक तरफ देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना है तो वहीं, पश्चिमी राजस्थान, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर (राजस्थान) में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। वहीं, चेन्नई में पारा 27-38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
18 राज्यों में पहुंचा मानसून
24 मई को केरल में दस्तक देने के बाद आज यानी शुक्रवार तक मानसून देश के 18 राज्यों में पहुंच चुका है। केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघायल, असम, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री हो चुकी है।