यूपी बनेगा AI, डीप टेक और क्वांटम कंप्यूटिंग का नया हब; सीएम योगी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि यह राज्य ‘डीप टेक’, एआई व क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में अग्रणी बनने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। डिजिटल इंडिया, आयुष्मान भारत और डीबीटी (प्रत्यक्ष नकद अंतरण) की सफलताओं का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत समग्र और तकनीक आधारित विकास की दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ में ‘आईबीएम एआई गवर्नमेंट टेक्नोलॉजी इनोवेशन सेंटर’ का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईटी एंड इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग तथा आईबीएम के बीच हुए सहमति ज्ञापन के लिए आईबीएम इंडिया के सीईओ डॉ. अरविंद कृष्ण और उनकी पूरी टीम को हृदय से धन्यवाद दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए इस अभियान को अपना सकारात्मक योगदान दिया है।
डॉ. अरविंद कृष्ण ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश और भारत के साथ अपने भावनात्मक संबंधों को साझा किया। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि देश का पहला कंप्यूटर आईबीएम ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में स्थापित किया था। डॉ. कृष्ण ने कहा कि अवसंरचना क्षेत्र हो या फिर आज का ‘डीप टेक’ क्षेत्र, पिछले 11 वर्ष में भारत ने जिन ऊंचाइयों को प्राप्त किया है, वह अद्भुत है। उन्होंने कहा कि हाल में ‘इंडिया एआई इंपैक्ट समिट’ का आयोजन दिल्ली में हुआ था। वहां वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की दूर दृष्टि को सराहा।





