यूपी आदित्यनाथ महंत राम के रूप में मिले: बीजेपी


उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सूबे के राजनीतिक गलियारों में चल रहा पोस्टर वॉर ने गति पकड़ ली है। इसी क्रम में गोरखपुर में बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने एक नया पोस्टर जारी कर सियासी माहौल गर्म कर दिया है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इसमें भाजपा सांसद महंत आदित्यनाथ को भगवान राम के रूप में प्रदर्शित किया है।
आदित्यनाथ को भगवान राम के रूप में
कार्यकर्ताओं ने रविवार को यह पोस्टर महंत आदित्यनाथ के 44वें जन्मदिन के मौके पर जारी किया है।इसमें दाएं महंत आदित्यनाथ की तस्वीर प्रदर्शित की गई है जिसमें वे एक हाथ में धनुष और एक हाथ में तीर लिए हुए है।
वहीं बाएं दशानन रावण की तस्वीर बनी हुई है। इस पोस्टर में दशानन के सभी सिरों को अलग-अलग राजनीतिक दलों के रूप में दिखाया गया है। इन सिरों पर , बसपा, कांग्रेस, आप, एमआईएमआईएम, जेडीयू, पीस और सपा के रूप में दिखाया गया है।
पोस्टर के बीच में ऊपर कमल का फूल बना है जिसके नीचे लिखा है- यूपी के राम। संकल्प 2017 में रावण को करेंगे पराजित। इसके साथ ही सबसे नीचे आदित्य नाथ को जन्मदिन की मुबारकबाद देते निवेदक के रूप में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा का नाम लिखा है।
आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब प्रदेश में किसी राजनीतिक दल द्वारा इस तरह का पोस्टर जारी कर विपक्षी दलों पर हमला बोला गया हो। इसके पहले भी भाजपा व अन्य दलों द्वारा विवादित पोस्टर्स जारी किये जा चुके हैं।
अभी बीते दिनों ऐसी ही एक तस्वीर जारी किया गया गया था जिसमें आदित्यनाथ को शेर रूप नायक के रूप में दर्शाया गया था। इसके पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित किये जाने के बाद उन्हें अर्जुन के अवतार में दिखाया गया था। वहीँ एक तस्वीर में कांग्रेस की ओर से जारी किया गया था जिसमें राहुल गांधी को सिंग्हम के रूप में दिखाया गया था।