मौसम में आंशिक उतार चढ़ाव के बीच दिल्ली में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के कोई आसार नहीं

Weather Update: मौसम में आंशिक उतार चढ़ाव के बीच दिल्ली में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। आसमान साफ रहने से तापमान भी बढ़ेगा और इस सप्ताह वापस अधिकतम तापमान जहां 44 डिग्री सेल्सियस, वहीं न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।

भारतीय मौसम विभाग (INDIA METEOROLOGICAL DEPARTMENT) का अनुमान है कि शनिवार को आसमान साफ रहेगा और गर्मी तेजी से बढ़ेगी। अधिकतम तापमान 42, जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। कहीं-कहीं गर्म हवा के थपेड़े भी लोगों को सहने पड़ सकते हैं।

इससे पहले शुक्रवार को सुबह ही तेज धूप निकल आई थी, जो दिन बढ़ने के साथ और तेज होती गई। तेज धूप के बीच उमस ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। नमी का स्तर 36 से 64 फीसद तक रहा।

वहीं, दूसरी तरफ धूल की मात्रा बढ़ने से दिल्ली में वायु की गुणवत्ता की स्थिति फिलहाल बेहतर चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एयर बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार का एयर इंडेक्स 173 के अंक पर रहा। इस श्रेणी की हवा को सामान्य श्रेणी में रखा जाता है।

Back to top button