मोबाइल पर ज्यादा बात करने पर पति ने ले ली पत्नी की जान

राजस्थान के दौसा जिले मे मानपुर में एक आदमी ने पत्नी के मोबाइल पर बात करने से गुस्सा हो कर उसकी हत्या कर डाली। पत्नी की मोबाइल पर बात करने की आदत से यह आदमी इतना नाराज हुआ कि इसने पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात मीनापाड़ा इलाके में हुई। मृतका का नाम किशनी मीणा है। वह मीनापाड़ा गांव के पास ही अपनी श्याम वाली ढाणी में पति कालू मीणा के साथ रहती थी। शनिवार रात को कालू मीणा शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। जांच में सामने आया है कि किशनी लगातार फोन पर बातें करती रहती थी। इस आदत से कालू मीणा नाराज रहता था।
यह भी पढ़ें: MBBS की छात्रा ने दी जान, सुसाइड नोट पर लिखी चौकाने वाली बात
शनिवार रात को भी किशनी मोबाइल पर बात कर रही थी। यह देख कर शराब के नशे में कालू बेकाबू हो गया और उसने लाठी से बेरहमी से पिटाई कर डाली। उसके बाद वह बेफिक्र होकर सो गया। रविवार सुबह कालू जब उठा तो देखा कि पत्नी किशनी की मौत हो चुकी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी पति कालू को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





