मोदी सरकार शुरुआती 100 दिनों में बड़े आर्थिक सुधारों की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोबारा सत्ता में आने के शुरुआती 100 दिनों के भीतर कई बड़े आर्थिक बदलाव हो सकते हैं। यह जानकारी नीति आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। सरकार के इस कदम से विदेशी निवेशक भारतीय बाजार की तरफ आकर्षित होंगे। नीति आयोग के अधिकारी के अनुसार, नई मोदी सरकार शुरुआती 100 दिनों में बड़े आर्थिक सुधारों की घोषणा कर सकती है। यह भी संभव है कि सरकार एयर इंडिया सहित 42 सरकारी कंपनियों का या तो निजीकरण करेगी या बंद करेगी। 
नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा किए जाने वाले सुधारों में श्रम कानून में बदलाव, निजीकरण के लिए उठाए जाने वाले कदम और नए औद्योगिक विकास के लिए नए लैंड बैंक का सृजन शामिल होगा।
रॉयटर्स को दिए एक इंटरव्यू में कुमार ने कहा कि विदेशी निवेशकों को खुश होने की वजह मिलेगी। आपको कई तरह के बदलाव देखने को मिलेंगे और इस बारे में आपको आश्वस्त कर सकता हूं। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीति आयोग के चेयरमैन हैं।
कुमार ने यह जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुरुवार को अपने नए मंत्रिमंडल की घोषणा किए जाने से पहले दी। आपको बता दें कि नई मोदी सरकार में निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्रालय का प्रभार दिया गया है।
कुमार ने कहा कि देश के जटिल श्रम कानून पर जुलाई में शुरू होने वाले संसद सत्र के दौरान विचार किया जा सकता है। इसका लक्ष्य 44 केंद्रीय कानूनों को चार संहिता- वेतन, औद्योगिक संबंध, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण और चौथा नौकरी के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य और वर्किंग कंडीशंस में शामिल करना है।





