मॉल व अस्पताल फायरिंग केस: तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल

यमुनानगर में वरयाम सिंह अस्पताल और सिटी मॉल फायरिंग मामले में तीनों बदमाशों को पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी बाइक से गिरकर घायल हो गया। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल तीनों आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की वारदात के पीछे किसका हाथ है और उन्हें किसने भेजा था। जानकारी के अनुसार, इसी अस्पताल के संचालक और जिले के वरिष्ठ चिकित्सक को 17 दिसंबर को गैंगस्टर की ओर से धमकी देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। डॉक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीधे पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया था। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाते हुए वहां नाका भी लगाया था।
घटना के बाद से ही सीआईए-1 और सीआईए-2 समेत पुलिस की कई टीमों ने जिले में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। शनिवार देर रात हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। रविवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग में शामिल तीनों आरोपी कांसापुर के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी।
बताया जा रहा है कि जब पुलिस टीम आरोपियों के पास पहुंची तो उन्होंने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, जबकि तीसरा आरोपी भागने की कोशिश में बाइक से गिरकर चोटिल हो गया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को मौके पर ही काबू कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि अस्पताल और सिटी मॉल पर फायरिंग की घटनाएं रंगदारी से जुड़ी हैं या इसके पीछे कोई और कारण है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या किसी गैंग का कनेक्शन इन आरोपियों से जुड़ा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ के बाद इस डबल फायरिंग केस से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।





