मुरादाबाद : रामगंगा का जलस्तर बढ़ा, लकड़ी का पुल डूबा आवाजाही प्रभावित

रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने पर बंगला गांव में शिव विहार कॉलोनी नटबाबा मंदिर के पास जलस्तर बढ़ने पर रामगंगा नदी पर बना लकड़ी का पुल डूब गया। जानकारी मिलने पर सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। डीएम के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी और पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति के बारे में जानकारी ली।
शिव विहार कॉलोनी में नट बाबा मंदिर के पास स्थानीय लोगों ने रामगंगा नदी पर लकड़ी का पुल बनाया था। इस पुल पर आसपास के लोगों का आवागमन काफी दिनों से चल रहा था। शुक्रवार को अचानक रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव के कारण लकड़ी का पुल क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोग भी पानी बढ़ने से सतर्क हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ों पर बारिश की वजह से रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ा है। शुक्रवार रात में जलस्तर बढ़ने की सूचना मिलने पर डीएम अनुज सिंह ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों और एसपी सिटी को मौके का मुआयना करने के निर्देश दिए।
अधीनस्थ अधिकारियों के निर्देश पर जिला प्रशासन शनिवार को सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी करेगा। लकड़ी के पुल पर आवागमन खतरनाक हो गया है। पिछले साल भी रामगंगा नदी का प्रवाह बढ़ने पर पुल टूट गया था।
ठाकुरद्वारा में रामगंगा नदी का कटान रोकने की तैयारी शुरू
रामगंगा नदी के कटान से बांध के टूटने की आशंका से कई गांवों को खतरा हो गया। नदी का कटान को रोकने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को एसडीएम ने डीएम के आदेश पर निरीक्षण किया। कटान से रामगंगा नदी के किनारे बसे गांवों को बचाने के लिए गांव बल्लभगढ़ से करीब डेढ़ किमी लंबा बांध स्थित है।
बल्लभगढ़ के पास पिछले वर्ष 2024 में नदी ने कटान करना शुरू कर दिया था। इससे बांध टूटने की आशंका में कई गांवों को खतरा हो सकता था। डीएम के आदेश पर बाढ़ खंड विभाग ने गांव बल्लभगढ़ के पास रामगंगा नदी का कटान रोकने के लिए बांध पर 240 मीटर कटाब निरोधक का निर्माण किया है।
निर्माण कार्य पूरा होने पर डीएम ने एसडीएम प्रीति सिंह को मौके का निरीक्षण का रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। इस पर एसडीएम बाढ़ खंड के जेई अरविंद कुमार के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने किए गए निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। एसडीएम में बताया कि निर्माण कार्य मौके पर मिला है। इस संबंध में डीएम को रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है।
सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने जांचीं तटबंधों की खामियां
लखनऊ सिंचाई विभाग से आई अभियंताओं की टीम ने शुक्रवार को जिले की नदियों के तटबंधों की खामियां जांचीं। टीम अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेगी, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की सुरक्षा का उपाय किया जा सके। लखनऊ से सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रभात कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम शुक्रवार को मुरादाबाद पहुंची। टीम ने कोसी नदी के अगापुर मंडौली तटबंध का निरीक्षण किया।
इस नदी से मूंढापांडे के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं। इसके टीम ने बाढ़ खंड डिवीजन के काजीपुर मुस्ताकपुर, बलिया बल्लभगढ़, अफजलगढ़ सिंचाई जल के काकरखेड़ा सहित अन्य तटबंधों की खामियों के बारे में तथ्य जुटाए। रिपोर्ट तैयार करने के बाद टीम वापस लखनऊ चली गई।
इसी आधार पर शासन से अन्य गाइडलाइन जारी हो सकती है। अधिशासी अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के तटबंध ठीक स्थिति में हैं। इस मामले में बाढ़ समितियों का गठन कर लिया गया है। सिंचाई विभाग और बाढ़ प्रखंड विभाग के अधिकारी सुरक्षा को लेकर अपनी रिपोर्ट पहले ही शासन को भेज चुके हैं।