मुकेश अंबानी की कंपनी के शेयर ‘सर्वश्रेष्ठ विकल्प’, अमेरिका के नामी बैंक का दावा

अमेरिका के दिग्गज बैंक मॉर्गन स्टैनली ने भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी के शेयरों (Buy Call on Reliance Indsutries) पर खरीदारी की राय दी है और रिलायंस इंडस्ट्रीज को ‘टॉप पिक’ यानी सर्वश्रेष्ठ स्टॉक पिक करार दिया है। मॉर्गन स्टैनली ने शेयरों पर यह राय, मुकेश अंबान के उस फैसले के बाद रखी है जिसमें RIL के मैनेजिंग डायरेक्टर ने एआई के क्षेत्र में 10 लाख करोड़ के निवेश का एलान किया है।
खास बात है कि कल इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में मुकेश अंबानी ने यह अहम घोषणा की थी और आज 20 फरवरी को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। कंपनी के स्टॉक इंट्रा डे में 1 फीसदी तक चढ़ गए हैं।
RIL पर क्या है मॉर्गन स्टेनली का टारगेट प्राइस?
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों पर अपनी ‘ओवरवेट’ रेटिंग को बरकरार रखते हुए 1,803 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ऐसे में मौजूदा स्तरों से इस शेयर में 27 प्रतिशत की तेजी देखने को मिल सकती है।
मॉर्गन स्टेनली ने और क्या कहा?
मॉर्गन स्टेनली ने एक नोट में कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज की एआई, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और संबंधित ऊर्जा आपूर्ति में सात वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना कैपेक्स प्लान में अगला बड़ा बदलाव है। खास बात है कि यह निवेश कंपनी के टेलिकॉम और कंज्यूमर सेक्टर में किए गए प्रयासों के समान है।
बता दें कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने गुरुवार को एलान किया कि उनका ग्रुप AI सेक्टर में सात वर्ष में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगा। अंबानी ने कहा कि ‘‘जियो इंटेलिजेंस, भारत का सॉवरेन कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेगी।’’ इसमें गीगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर शामिल हैं।





