मिशन 2019 को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, राहुल गाँधी की रैली में होगी हर ब्लॉक से भागीदारी

देहरादून। उत्तराखंड में राहुल गांधी की रैली को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। वहीं, प्रदेश में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशियों को लेकर स्थिति चालू माह के दूसरे पखवाड़े में साफ होगी।

मिशन 2019 को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, राहुल गाँधी की रैली में होगी हर ब्लॉक से भागीदारी

पांच लोकसभा क्षेत्रों के लिए संभावित प्रत्याशियों के पैनल बनाने के लिए भेजे गए ज्यादातर पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद पैनल को अंतिम रूप दे दिया है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अभी एकमात्र नैनीताल संसदीय क्षेत्र से ही पर्यवेक्षक की रिपोर्ट मिल पाई है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट को नौ मार्च के बजाय अब 10 मार्च को नई दिल्ली में होने वाली स्टेट स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में रखा जाएगा।

प्रदेश में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशियों के नाम चालू माह के पहले पखवाड़े में तय होने के आसार नहीं हैं। हालांकि, पहले पार्टी की ओर से प्रत्याशियों का चयन जल्द किए जाने पर विचार किया गया था, लेकिन अब प्रत्याशियों की घोषणा में समय लगना शेष है।

चुनाव आचार संहिता अगले तीन दिनों के भीतर लगने की संभावना और 16 मार्च को देहरादून में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली के मद्देनजर प्रत्याशियों की घोषणा अब दूसरे पखवाड़े तक किए जाने के संकेत मिल रहे हैं। पार्टी की ओर से पांच लोकसभा सीटों के लिए नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों में अधिकतर ने गुरुवार तक अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा पूरा कर लिया है।

पर्यवेक्षकों की ओर से शुक्रवार तक प्रत्याशियों के पैनल को लेकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के फीडबैक पर आधारित अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सुपुर्द की जा सकती है। इससे पहले जिला व महानगर सांगठनिक इकाइयों की ओर से प्रत्याशियों के पैनल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपे जा चुके हैं।

संपर्क करने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि गुरुवार को नैनीताल संसदीय सीट के संबंध में पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल की रिपोर्ट प्रदेश मुख्यालय को मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में अन्य पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट भी मिल जाएंगी।

इन्हें 10 मार्च को स्टेट स्क्रीनिंग कमेटी की नई दिल्ली में होने वाली बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद कमेटी पांच लोकसभा क्षेत्रों अल्मोड़ा, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार में तीन-तीन संभावित प्रत्याशियों का पैनल को अंतिम रूप देगी। इस पैनल पर अंतिम फैसला कांग्रेस चुनाव समिति लेगी।

हर ब्लॉक से भागीदारी को सौंपी जिम्मेदारी

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाधी की 16 मार्च को होने वाली परिवर्तन रैली में प्रदेश के दोनों मंडलों गढ़वाल और कुमाऊं के सभी सांगठनिक ब्लॉकों से पार्टी कार्यकर्ता समर्थकों के साथ शिरकत करेंगे। रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश संगठन ने सभी जिलाध्यक्षों के साथ ही पूर्व विधायकों, विधायकों को भी जिम्मेदारी सौंपी है। रैली के लिए आयोजन समिति गठित की गई है।

कांग्रेस को उम्मीद है कि राहुल की रैली से लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं को नई संजीवनी मिलेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में राहुल गांधी की रैली की तैयारी को लेकर बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, उप नेता प्रतिपक्ष करन माहरा समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई बैठक में तय किया गया कि रैली को कामयाब बनाने के लिए देहरादून, ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार के साथ टिहरी जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

साथ में प्रदेश के सभी ब्लॉकों से भी कार्यकर्ताओं को देहरादून पहुंचने के लिए कहा गया है। सभी फ्रंटल संगठनों को रैली के मद्देनजर अलर्ट किया गया है। अंतरिम राजधानी देहरादून में राहुल की रैली को पार्टी शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी ले रही है।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नए तेवरों ने केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राफेल विमान सौदे के सच से कार्यकर्ताओं और आम जनता को रूबरू कराया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के कार्यो को जनता समझ चुकी है। कांग्रेस 2019 की चुनावी जंग जीतेगी। राहुल गांधी की रैली से पार्टी को लाभ होगा।

बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। इस मौके पर विधायक आदेश चौहान, मनोज रावत, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, मंत्री प्रसाद नैथानी, तिलकराज बेहड़, पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल समेत कई पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद थे।

आयोजन समिति गठित

कांग्रेस पार्टी ने राहुल की रैली के लिए आयोजन समिति का गठन किया है। आयोजन समिति में पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व विधायक राजकुमार, गिरीशचंद्र पुनेड़ा, गोदावरी थापली, प्रभुलाल बहुगुणा, राजपाल खरोला, प्रमोद कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, जिलाध्यक्ष गौरव सिंह, अजय सिंह, डॉ आरपी रतूड़ी, गरिमा दसौनी, कमलेश रमन, राजेंद्र सिंह चौहान व राजेश शर्मा शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button