मायावती का सरकार पर हमला, कहा- कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध हो सख्त कार्रवाई

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने सूबे में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर एक बार फिर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने विभिन्न घटनाओं का हवाला देते हुए कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई व पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है।
मायावती ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में कल मैनपुरी में दलित सर्वेश कुमार की दबंगों द्वारा पीट-पीट कर की गई हत्या व इसी प्रकार महाराजगंज में गोबिन्द चौहान, शाहजहांपुर में राजवीर मौर्य, बरेली में वासिद, कुशीनगर में सुधीर सिंह तथा बांदा में विनोद गर्ग (ब्राह्मण) की गोली मार की गई हत्या आदि की घटनायें अति-दुःखद है।
इसके साथ ही प्रदेश के नोएडा में कल ही कैब ड्राइवर की हत्या आदि की घटनायें कानून-व्यवस्था के मामलें में सरकारी दावों की पोल खोलती है। सरकार कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करे व पीड़ितों को न्याय दे व उनकी आर्थिक मदद भी जरूर करे, बीएसपी की यह मांग है।
उल्लेखनीय है कि बसपा सुप्रीमो सूबे की जर्जर कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर लगातार हमले कर रही हैं। हालांकि उनपर भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार के प्रति नरम रुख अख्तियार करने के भी आरोप लगते रहे हैं।
The post मायावती का सरकार पर हमला, कहा- कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध हो सख्त कार्रवाई appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.





