महिला सुरक्षा पर विधानसभा में फिर हुआ हंगामा, दो बार स्थगित हुई कार्यवाही

भोपाल। मध्य प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर गुरुवार को विधानसभा में कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेस महिला सुरक्षा और भोपाल गैंगरेप के मुद्दे पर सरकार से चर्चा की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार इस मुद्दे को टाल रही है। कांग्रेस के जबर्दस्त हंगामे के बाद अध्यक्ष डॉ सीतासरन शर्मा ने शुक्रवार को इस पर चर्चा कराने का आश्वासन दिया।महिला सुरक्षा पर विधानसभा में फिर हुआ हंगामा, दो बार स्थगित हुई कार्यवाही

दो बार स्थगित करनी पड़ी कार्यवाही

महिला सुरक्षा और भोपाल गैंगरेप के मामले में विपक्ष की लगातार चर्चा की मांग के बीच अध्यक्ष डॉ शर्मा ने शुक्रवार को इस पर नियम 130 के तहत चर्चा का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रतिपक्ष सदस्यों का हंगामा शांत हुआ और सदन की कार्यवाही आगे बढ़ सकी। इसके पहले इसी हंगामे के चलते गुरुवार भी प्रश्नकाल नहीं चल सका और व्यवधान के कारण सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।

ये भी पढ़ें: UP निकाय चुनाव में योगी का जादू, जिला-दर-जिला BJP ने मारी बाजी?

-गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह द्वारा कथित तौर पर अध्यक्ष डॉ शर्मा के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मुद्दा उठाया। भार्गव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष माफी मांगे, वरना उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता और भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी उनकी मांग का समर्थन किया।

-कांग्रेस विधायक डॉ गोविंद सिंह ने सरकार पर सदन को तानाशाही रवैये से चलाने का आरोप लगाया। पार्टी के ही सुंदरलाल तिवारी ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं यह जानते हुए भी सरकार इस मुद्दे पर चर्चा से भाग रही है।

-मंत्री गुप्ता ने कहा कि विपक्ष ने आसंदी का अपमान किया है। इस आरोप को नकारते हुए कांग्रेसियों ने कहा कि केवल सत्तारूढ़ दल को ही आसंदी के सम्मान की चिंता नहीं है, विपक्ष के मन में भी अध्यक्ष के प्रति पूर्ण सम्मान है।

कांग्रेस विधायक चर्चा पर अड़े

-शोर-शराबे के बीच मंत्री भार्गव ने अध्यक्ष डॉ शर्मा से अपनी मांग पर फैसला दिए जाने का आग्रह किया। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि पहले मामला नियमानुसार उठाया जाए, इसके बाद ही वे इस पर विचार करेंगे। वहीं, कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत महिला सुरक्षा पर सदन में स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से चर्चा कराए जाने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मामले पर किसी भी नियम के माध्यम से चर्चा कराने के लिए तैयार है, लेकिन पार्टी को आश्वासन चाहिए कि इस मुद्दे पर चर्चा कराए बिना सदन स्थगित नहीं होगी। डॉ गोविंद सिंह समेत अन्य विपक्षी सदस्यों ने भी उनकी मांग का समर्थन किया।

कांग्रेस विधायक जयवर्धन ने उठाया मुद्दा

-पक्ष-विपक्ष के बीच लगातार बहस के चलते अध्यक्ष डॉ शर्मा ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। वहीं, कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि पिछले दो दिन से चर्चा का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन चर्चा नहीं हो रही है। लगातार हंगामे और कांग्रेस सदस्यों के आसंदी के पास आकर नारेबाजी करने के चलते अध्यक्ष डॉ शर्मा ने सदन की कार्यवाही एक बार फिर 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

ये भी पढ़ें: नींद की गोलियां खा थाने पहुंची लड़की, दुष्कर्मी की हरकतों से परेशान हो किया ऐसा

अध्यक्ष ने कहा शुक्रवार को कराई जाएगी चर्चा

-प्रश्नकाल के बाद सदन के समवेत होने पर भार्गव अपनी मांग दोहराते रहे। इसी दौरान रावत ने कहा कि महिला सुरक्षा पर चर्चा की मांग को लेकर सदन में दो दिन से गतिरोध बना हुआ है। उन्होंने एक बार फिर अध्यक्ष डॉ शर्मा से इस पर किसी नियम के तहत चर्चा कराने का अनुरोध किया। इस पर डॉ शर्मा ने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर शुक्रवार को सदन में नियम 130 के तहत चर्चा कराई जाएगी। अध्यक्ष के आश्वासन के बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ सकी।

Back to top button