महिला ने विषैला पदार्थ खाकर लगाई फांसी, परिवार में मचा कोहराम

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में एक महिला ने विषैला पदार्थ खाकर साड़ी का फंदा लगाकर छत से लटककर जान दे दी। महिला की मौत की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम (पीएम) के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार थाना देवबंद के गांव कुरडी निवासी अंजू की शादी गांव महाबलीपुर निवासी राजीव त्यागी से करीब पच्चीस वर्ष पहले हुई थी। राजीव कई वर्षों से परिवार के साथ कस्बे में रोहाना बस स्टैंड के निकट रह रहा है। लोगों में चर्चा है कि राजीव आये दिन पत्नी व पुत्र के साथ मारपीट करता था। मारपीट के डर से लड़का कस्बे में ही अपनी मौसी के यहां जाकर रहने लगा था। वही रोज-रोज की कलह से तंग आकर महिला ने मेज पर कुर्सी रख, साड़ी का गले मे फंदा डालकर छत के कुंडे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

मृतका के मुंह से झाग निकल रहे थे।वही मृतका के पास से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने लड़की को सम्बोधित कर सोने की चीजों के विषय में लिखा है। मौसी के घर रह रहे पुत्र ने बताया कि मां के मरने की सूचना उसे पिता ने ही आकर दी। मां को छत के कुंडे से लटकी देख उसकी चीख निकल गयी।चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े।

मृतका को छत में लटकी देख नागरिकों ने इसकी सूचना पुलिस व उसके परिजनों को दी। महिला के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।चेयरमैन सतेंद्र त्यागी की मौजूदगी में परिजनों से बातचीत से कोई नतीजा नही निकला। थाना प्रभारी सुबेसिंह यादव का कहना है कि महिला ने गृहक्लेश के चलते छत से लटककर अपनी जान दे दी है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button