महिलाओं ने संभल में धर्मस्थल में अवैध निर्माण का किया विरोध

संभल में हिन्दू संगठनों ने पुरातत्व विभाग द्वारा संग्रहीत धर्मस्थल में अवैध तरीके से निर्माण का विरोध किया। संगठनों से जुड़ीं महिलाओं ने प्रदर्शन करके धरना किया। एसडीएम मौके पर पहुंचे तो उन्हें ज्ञापन सौंपकर मांगें उठाईं।

विश्व हिन्दू परिषद, दुर्गा वाहिनी और मातृ शक्ति से जुड़ी महिलाएं और पुरुष शनिवार सुबह को मुहल्ला कोट पूर्वी में सरथल चौकी पर पहुंचे। महिलाओं ने धरना शुरू किया। महिलाओं ने पुरातत्व विभाग द्वारा संग्रहीत धर्मस्थल में अवैध निर्माण के साथ ही दूसरे धर्म के लोगों को प्रवेश न करने देने का आरोप लगाया। महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। धरने की सूचना पुलिस प्रशासन को मिली तो हड़कंप का माहौल बन गया। एसडीएम दीपेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने महिलाओं से जानकारी ली। महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें धर्मस्थल में सीसीटीवी कैमरे लगवाकर निगरानी कराने, धर्मस्थल में दूसरे धर्म के लोगों को प्रवेश की अनुमति दिए जाने, अवैध निर्माण को ध्वस्त कराकर उस वर्ग के लोगों को सख्त हिदायत देने के साथ ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग उठाई। इस दौरान नेहा मलय, आशा गुप्ता, प्रतिज्ञा गर्ग, संध्या अग्रवाल, उर्मिता शर्मा, उपासना शर्मा, ममतेश, नमिता सिंघल, ऊषा रानी, तुलसा देवी, पूनम पंवार आदि रहीं।





