महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के कारण सूबे की छवि हुई धूमिल : अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सूबे की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर एक बार फिर हमला किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के कारण उत्तर प्रदेश की छवि धूमिल हुई है। अखिलेश यादव ने गोरखपुर को ‘गुनाहपुर’ नाम से भी सम्बोधित किया है।

अखिलेश ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा राज में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों के कारण सूबे की छवि बहुत धूमिल हुई है। चाहे गुनाहपुर (गोरखपुर) मंडल हो या अन्य मंडल सबमें अपराधों के आंकड़ों में एक-दूसरे को पछाड़ने की होड़ लगी है। ये डबल इंजन नहीं, डबल दुर्गति वाली सरकार है।
सपा अध्यक्ष प्रदेश में आपराधिक घटनाओं का हवाला देकर लगातार सरकार को घेरने में जुटे हुए हैं। उन्होंने केन्द्र और प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है। बेखौफ अपराधी खूनी तांडव कर रहे हैं। कोरोना महामारी के संक्रमण में कई हजार जानें जा चुकी हैं। शिक्षा-स्वास्थ्य की व्यवस्थाएं बर्बादी के कगार पर हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसे में भाजपा की डबल इंजन की सरकारों को जनता की तकलीफों और रसातल में जा रही अर्थव्यवस्था की कोई चिन्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका काम और ध्येय सिर्फ चुनाव जीतना और सत्ता में येनकेन प्रकारेण कब्जा बनाए रखना है।
The post महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के कारण सूबे की छवि हुई धूमिल : अखिलेश यादव appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button