महाराष्ट्र: डिप्टी सीएम के तौर पर सुनेत्रा पवार ने संभाला पदभार

दिवगंत अजित पवार की पत्नी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को महाराष्ट्र की नई उपमुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। वे राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री हैं। उन्होंने मुंबई स्थित मंत्रालय में अपने कार्यालय में उपमुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठकर नया पदभार ग्रहण किया। इसके बाद आज वे आज मंत्रिमंडल कि बैठक करेंगी। हालांकि मंत्रिमंडल की बैठक से पहले सुनेत्रा ने पार्टी के मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उनके पुत्र पार्थ पवार और एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उनके शपथ ग्रहण को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है।

बता दें कि अजित पवार के निधन के बाद पत्नी सुनेत्रा पवार को उनकी जगह उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। उन्हें आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुनेत्रा पवार ने अपने कार्यकाल के पहले दिन की शुरुआत मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा-अर्चना से की। उनके साथ उनके पुत्र पार्थ पवार, वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चकांकरे और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे।

सुनेत्रा पवार को कौन-कौन सी जिम्मेदारियां
हाल ही में महाराष्ट्र कैबिनेट में हुए विभाग आवंटन के अनुसार सुनेत्रा पवार को राज्य के प्रमुख तीन विभाग सौंपे गए हैं। इसमें आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक विकास मंत्रालय शामिल है। साथ ही उन्हें पुणे और बीड जिलों की गार्जियन मिनिस्टर भी बनाया गया है, जिससे वे इन जिलों के विकास और प्रशासन का ध्यान रखेंगी।

आंबेडकर को दी श्रद्धांजलि
सुनेत्रा पवार ने मंदिर से आशीर्वाद लेने के बाद सुनेत्रा पवार दादर स्थित चैत्यभूमि गईं और भारतीय संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने फूल चढ़ाए और उन्हें याद करते हुए एक मिनट का मौन रखा। सुनेत्रा पवार ने उसके बाद एनसीपी कार्यालय, मुंबई का दौरा किया। वहां उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने अपने पति और दिवंगत नेता अजित पवार को श्रद्धांजलि दी।

अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार को जिम्मेदारी
गौरतलब है कि सुनेत्रा पवार की उपमुख्यमंत्री बनने की जिम्मेदारी उनके पति अजित पवार के हवाई दुर्घटना में असमय निधन के बाद आई। अजित पवार का 28 जनवरी को निधन हो गया था, जिसके कारण राज्य की राजनीति में हलचल मची थी। इसके बाद 31 जनवरी को सुनेत्रा पवार ने शपथ ली और महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनीं।

Back to top button