मताधिकार के प्रयोग से आज होगा 27 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

17वीं लोकसभा के गठन का वक्त आ चुका है। लोकसभा सदस्यों का चुनाव करने के लिए मतदाता सोमवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले के 24 लाख से अधिक मतदाता गोंडा व कैसरगंज लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 27 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके लिए निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

गोंडा संसदीय क्षेत्र में जिले के चार विधानसभा क्षेत्र सदर, मनकापुर, मेहनौन व गौरा आते हैं जबकि बलरामपुर की उतरौला विधानसभा भी इसी संसदीय क्षेत्र में है। इस सीट से सपा, कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशियों समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह कैसरगंज संसदीय क्षेत्र में जिले की विधानसभाएं तरबगंज, कर्नलगंज व कटराबाजार आती हैं। इसके अलावा बहराइच जिले की पयागपुर व कैसरगंज विधानसभा क्षेत्र भी इसी में आते हैं। इस सीट पर कुल 12 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे। शांतिपूर्ण व सकुशल अधिकाधिक मतदान कराने के लिए प्रशासन की ओर से माकूल प्रबंध किए जा चुके हैं। जिले के कुल 24.02 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

इनसेट

जिले में बूथ व ईवीएम की उपलब्धता

विधानसभा क्षेत्र पोलिग बूथ ईवीएम वीवीपैट

मेहनौन 450 527 567

गोंडा 426 499 536

कटराबाजार 444 520 559

कर्नलगंज 382 447 481

तरबगंज 422 494 531

मनकापुर 383 449 482

गौरा 375 435 471

योग 2882 3371 3627

——–

विकल्प का इस्तेमाल कर करेंगे मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने बताया कि जिन मतदाताओं को वोटर पर्ची नहीं मिली है या फिर उनके पास पहचान पत्र नहीं है तो वह बिल्कुल परेशान न हों। विकल्प का प्रयोग करके मतदान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वोटर पर्ची सिर्फ मतदाताओं और कार्मिकों के सहयोग के लिए होती है, जिससे वोट जल्दी डाला जा सकता है। कोई भी मतदाता जिसका नाम मतदाता सूची में है और उसके पास पहचान पत्र नहीं है तो वह भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए विकल्पों में से कोई भी विकल्प लेकर अपना वोट डाल सकता है। डीईओ ने बताया कि मताधिकार का प्रयोग करने के लिए विकल्प के रूप में पासपोर्ट, ड्राइविग लाइसेंस, राज्य अथवा केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, पब्लिक कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान-पत्र, बैंकों या डाकघर द्वारा जारी किए गए फोटोयुक्त पासबुक, आयकर पहचानपत्र (पैनकार्ड), आधार कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर, मनरेगा जॉबकार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी प्रमाणित फोटो मतदाता पर्ची में से कोई एक विकल्प होना चाहिए।

Back to top button