बौखलाया पाकिस्तान लगा रहा क्लस्टर बम से हमले का आरोप, क्या है इसकी ताकत?

भारतीय सेना के मुंहतोड़ जवाब से पाकिस्तानी सेना बौखलाई हुई है. अब पाकिस्तानी सेना ने नई चाल चली है और भारतीय सेना पर क्लस्टर बम दागने का आरोप लगाया है. हालांकि भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के झूठ को फिर से बेनकाब कर दिया है. भारतीय सेना ने साफ कहा कि क्लस्टर बम दागने का आरोप पाकिस्तान का एक और सफेद झूठ है.
पाकिस्तान के आरोप के बाद से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर क्लस्टर बम क्या होता है और कितना घातक होता है, जिसको लेकर पाकिस्तान इतनी दहशत में है. दरअसल, क्लस्टर बम अपने आप में कई बमों का एक गुच्छा होता है. इसको लड़ाकू विमान, जमीन और पोत से दागा जा सकता है. क्लस्टर बम को बेहद खतरनाक माना जाता है. यह बम जिस इलाके में गिरता है, वहां जबरदस्त तबाही मचाता है.
इस बम की चपेट में आने वाले इलाके में मौजूद लोगों की मौत हो जाती है या फिर वो गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं. जब क्लस्टर बम को दागा जाता है और वह जमीन से 1000 मीटर से लेकर 100 मीटर की ऊंचाई पर होता है, तो बहुत बड़े इलाके को अपने दायरे में लेता है.
जैसे ही क्लस्टर बम फटता है, तो उसके अंदर मौजूद बम एक बड़े इलाके में गिरने शुरू हो जाते हैं. क्लस्टर बम से निकलने वाले छोटे बम टारगेट के आसपास के इलाके को काफी नुकसान पहुंचाते हैं. इस बम से संघर्ष वाले इलाके के आसपास के आम नागरिकों की जान माल को भी काफी नुकसान होता है. इतना ही नहीं, क्लस्टर बम के अंदर से निकलने वाले छोटे-छोटे बम काफी लंबे समय तक जमीन में पड़े रहते हैं और कभी भी फट सकते हैं. दुनिया में सबसे पहले क्लस्टर बम का इस्तेमाल रूस और जर्मनी की सेना ने किया था. अब तक 200 प्रकार के क्लस्टर बम बनाए जा चुके हैं.
पूर्व जासूस को जहर देने के लिए अमेरिका ने रूस पर लगाए प्रतिबंध
क्लस्टर बम के इस्तेमाल पर है प्रतिबंध
क्लस्टर बम के बनाने, इस्तेमाल करने और इकट्ठा करने पर रोक लगाने के लिए दुनिया के देशों ने 30 मई 2008 को एक समझौता किया था. यह समझौता आयरलैंड की राजधानी डबलिन हुआ था. इस समझौते पर 3-4 दिसंबर 2008 को नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में हस्ताक्षर किए गए थे. इसके बाद एक अगस्त 2010 को कन्वेंशन ऑन क्लस्टर मुनिशंस लागू हो गया. इसमें भारत और पाकिस्तान समेत 120 देशों ने हस्ताक्षर किए हैं. हालांकि अमेरिका, चीन और रूस जैसे देशों ने इस समझौते से खुद को बाहर रखा है.
भारतीय सेना का पाकिस्तानी सेना को जवाब
भारतीय सेना ने क्लस्टर बम दागने के पाकिस्तानी सेना के आरोप को सिरे से खारिज किया है. भारतीय सेना ने कहा कि पाकिस्तानी सेना लगातार आतंकी घुसपैठ कराने की कोशिश करती है और इसके लिए सीमा पर गोलीबारी करती है. पाकिस्तान के साथ डायरेक्टरेट ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस स्तर की वार्ताओं में भारत कई बार कह चुका है कि वह सीमा पार किसी भी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब देने का अधिकार रखता है. क्लस्टर बम दागने का पाकिस्तान का आरोप एक और सफेद झूठ है.





