बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के पिता वीरू देवगन का निधन, शोक में डूबा पूरा परिवार

हिंदी सिनेमाजगत में वीरू देवगन (Veeru Devgan) हमेशा याद किए जाएंगे। वीरू देवगन आज भले ही हमारे बीच नहीं है लेकिन उनका काम हमेशा लोगों के बीच जिंदा रहेगा। वीरू देवगन ने 80 से ज्यादा फिल्मों में बतौर एक्शन डायरेक्टर काम किया है। खास बात यह है कि अपने बेटे अजय देवगन (Ajay Devgn) की भी कई फिल्मों में भी वीरू देवगन ने एक्शन सीन डायरेक्ट किए। वीरू देवगन के निधन के बाद सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वीरू अजय को एक्शन सीन सिखाते हुए नजर आ रहे हैं

वीडियो में एक्शन सीन के बारे में भी वीरू बात कर रहे हैं। वीरू देवगन कह रहे हैं- ‘जब अजय पैदा हुआ तो सोचा नहीं था कि इसे हीरो बनाना है। मैं इंडस्ट्री में हीरो बनने आया था। जब एहसास हुआ कि मैं इसके काबिल नहीं हूं तो सोचा बेटे को हीरो बनाऊंगा।’ इस वीडियो में अजय और वीरू देवगन को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि दोनों के बीच बांडिंग कितनी अच्छी होगी।

अजय देवगन (Ajay Devgn) के पिता वीरू देवगन ने 1967 में फिल्म ‘अनीता’ से बतौर स्टंटमैन बॉलीवुड में डेब्यू किया था। वह पंजाब के अमृतसर के रहने वाले थे और पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और मुंबई के सांताक्रुज हॉस्पिटल में एडमिट थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वीरू का निधन हार्ट अटैक से हुआ है। वीरू देवगन का अंतिम संस्कार 27 मई को मुंबई के विले पार्ले में किया गया।

वीरू देवगन की अंतिम यात्रा अजय के घर से रवाना हुई थी। सामने आई तस्वीरों में अजय अपने पिता की अर्थी को कंधा देते नजर आए। वीरू देवगन के अंतिम दर्शन को बॉलीवुड के सभी सेलेब्स पहुंचे थे। ऐश्वर्या राय बच्चन अपने पति अभिषेक बच्चन के साथ वीरू देवगन को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। अर्जुन कपूर अपने पिता बोनी कपूर के साथ श्मशान घाट वीरू देवगन को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इससे पहले शाहरुख खान, सनी देओल समेत कई सितारे अजय-काजोल के घर पहुंचे थे।

अमर उजाला को मिली जानकारी के मुताबिक वीरू देवगन घर पर खाना खा रहे थे तभी अचानक कुर्सी से गिर पड़े। काजोल उन्हें अस्पताल लेकर गईं जहां हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया। इस दौरान अजय मुंबई फिल्म सिटी में तानाजी की शूटिंग कर रहे थे। इस दुखद खबर की जानकारी मिलते ही वह पिता के अंतिम दर्शन को पहुंचे। एक्शन सीन डायरेक्ट करने के अलावा वीरू देवगन ने साल 1999 में ‘हिंदुस्तान की कसम’ फिल्म को डायरेक्ट भी किया। वीरू देवगन ने ‘आज का अर्जुन’, ‘राम तेरी गंगा मैली हो गई’, ‘विजय पथ’, ‘दिलजले’, ‘एक ही रास्ता’, ‘प्रेम रोग’, ‘आखिरी रास्ता’, ‘सोने पे सुहागा’, ‘खून भरी मांग’ जैसी कई फिल्मों के स्टंट सीन डायरेक्ट किए हैं।