बैंकॉक से अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरे यात्री से 1.640 किलो गांजा बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार को कस्टम टीम ने स्पॉट प्रोफाइलिंग और बैगेज स्क्रीनिंग के दौरान एक यात्री के सामान से एक किलो 640 ग्राम गांजा बरामद किया। 

जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.64 करोड़ रुपये आंकी गई है। 

जानकारी के अनुसार संबंधित यात्री बैंकॉक से फ्लाइट नंबर एसएल-214 के माध्यम से अमृतसर पहुंचा था। स्क्रीनिंग के दौरान उसके व्यवहार पर संदेह होने पर अधिकारियों ने सामान की विस्तृत जांच की। तलाशी में बैग के अंदर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

कस्टम विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े संभावित लिंक की जांच की जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि खेप कहां से लाई गई और इसे किसे सौंपा जाना था।

कस्टम और सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button