बेंगलूरु हिंसा अपडेट : हिंसा के बाद धारा १४४ लागू, दो थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू

बेंगलूरु। बेंगलुरू में कांग्रेस विधायक श्रीनिवास मूर्ति के भांजे द्वारा फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के बाद हिंसा भड़क गई। ग़ुस्साई भीड़ ने विधायक के घर और थाने पर हमला कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पडी, जिसमे दो प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई। हिंसा में एक एडिश्नल कमिश्नर समेत 60 पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। वहीं आपत्तिजनक पोस्ट लिखने के आरोप में विधायक के भांजे को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में अबतक कुल 110 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल आरोप है कि विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति के भांजे ने पैगंबर मोहम्मद साहब के ख़िलाफ़ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी। ये पोस्ट वायरल होने के बाद शाम लगभग साढ़े सात बजे मुस्लिम समुदाय की भीड़ ने उनके घर पर हमला कर दिया। उन्मादी भीड़ ने विधायक के घर पर पत्थरबाज़ी की और वहां मौजूद कई गाड़ियों में आग लगा दी। यहां से भीड़ डीजे हल्ली पुलिस स्टेशन कूच कर गई और वहां पर भी जमकर तोड़फोड़ की। भीड़ किसी को सुनने को तैयार नहीं थी। अंततः भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी, जिसमे दो लोगों की मौत हो गई।

बेंगलुरू के पुलिस कमिश्नर कमल पंत ने मीडिया को बताया कि एक एडिशनल पुलिस कमिश्नर समेत 60 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पंत ने बताया कि स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी जिसमें दो लोगों की मौत हुई है और एक शख्स घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हालात को काबू करने के लिए बेंगलुरू में धारा 144 लगाई गई है। डीजे हल्ली और केजी हल्ली पुलिस स्टेशन के आस-पास कर्फ्यू भी लगाया गया है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Back to top button