बिना धूप में सुखाए इस तरह बनाएं मार्केट जैसे Aloo Chips

शाम की चाय हो या टीवी देखते हुए कुछ हल्का-फुल्का खाने का मन, आलू चिप्स हमेशा पहली पसंद होते हैं, लेकिन चिप्स बनाने का पारंपरिक तरीका काफी लंबा और झंझट भरा होता है- पहले आलू उबालो और फिर उन्हें दिन भर कड़ी धूप में सुखाओ।

अगर आप फ्लैट में रहते हैं जहां धूप नहीं आती या आपके पास इतना समय नहीं है, तो बिल्कुल फिक्र मत कीजिए। आज हम आपके लिए लाए हैं एक ऐसी शानदार रेसिपी, जिससे आप बिना धूप में सुखाए बिल्कुल ‘मार्केट जैसे’ कुरकुरे चिप्स बना सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इसका कुरकुरापन डिब्बा खत्म होने तक बरकरार रहेगा।

आलू चिप्स बनाने के लिए जरूरी सामग्री
4 से 5 बड़े और सख्त आलू (चिप्स वाले आलू मिलें तो और भी अच्छा है)
तलने के लिए तेल
आधा चम्मच नमक या स्वादानुसार
चाट मसाला, काली मिर्च या लाल मिर्च पाउडर (तीखेपन के लिए)
पानी पोंछने के लिए एक साफ सूती तौलिया या कपड़ा

आलू चिप्स बनाने की विधि
सबसे पहले आलुओं को अच्छी तरह धोकर छील लें। अब चिप्स काटने वाली मशीन की मदद से इनके पतले-पतले स्लाइस काट लें। ध्यान रखें कि स्लाइस न तो बहुत ज्यादा मोटे हों और न ही एकदम कागज जैसे पतले।
यहीं पर चिप्स के कुरकुरे होने का असली राज छिपा है। कटे हुए चिप्स को तुरंत एक बड़े बर्तन में ठंडे पानी में डाल दें। इन चिप्स को 3 से 4 बार साफ पानी से तब तक धोएं, जब तक कि पानी बिल्कुल साफ न दिखने लगे। आलुओं का सफेद झाग पूरी तरह निकल जाना चाहिए। स्टार्च निकलने से चिप्स तलते समय लाल या काले नहीं पड़ते।
अब चिप्स को पानी से निकालकर एक छलनी में रख दें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए। इसके बाद, घर के अंदर ही एक साफ सूती कपड़े या तौलिये पर चिप्स को अलग-अलग फैला दें। ऊपर से एक और सूखे कपड़े से हल्के हाथों से दबाकर उनका सारा पानी पोंछ लें। आप चाहें तो इन्हें 5-10 मिनट के लिए पंखे की हवा में भी छोड़ सकते हैं। ध्यान रहे, चिप्स में बिल्कुल भी नमी नहीं रहनी चाहिए।
गैस पर एक कड़ाही रखें और उसमें तेल डालकर तेज गर्म कर लें। जब तेल से हल्की भाप आने लगे, तो उसमें चिप्स के कुछ टुकड़े डाल दें। गैस की आंच को मध्यम कर दें और चिप्स को बीच-बीच में चलाते रहें। जब चिप्स हल्के सुनहरे और एकदम क्रिस्पी हो जाएं, तो उन्हें एक टिश्यू पेपर पर निकाल लें।
जब चिप्स हल्के गर्म हों, तभी उन पर थोड़ा-सा नमक, चाट मसाला और लाल मिर्च पाउडर छिड़क कर अच्छी तरह मिला लें (गर्म चिप्स पर मसाला अच्छे से चिपक जाता है)।
महीनों तक कुरकुरापन बरकरार रखने के सीक्रेट टिप्स
पूरी तरह ठंडा होने दें: चिप्स को तलने के बाद उन्हें हवा में पूरी तरह से रूम टेम्परेचर पर ठंडा होने दें।
एयरटाइट डिब्बे का इस्तेमाल: जब चिप्स बिल्कुल ठंडे हो जाएं, तभी उन्हें एक सूखे और एयरटाइट जार में बंद करके रखें। हल्की सी भी गर्माहट या नमी चिप्स को सील सकती है।
बस फिर, आपके झटपट और बेहद स्वादिष्ट आलू चिप्स तैयार हैं। अब जब भी बच्चों का मन करे, आप उन्हें घर के साफ तेल में बने ये हेल्दी और टेस्टी चिप्स खिला सकते हैं।

Back to top button