बाढ़ कार्यखंड के अनुसार एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी खतरे के निशान से 20 सेमी. नीचे

शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। शाम को तेज हवाओं संग बारिश भी हुई। नदियों के जलस्तर में इजाफे का दौर जारी है। हालांकि, दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बाढ़ कार्यखंड के अनुसार एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर व अयोध्या में सरयू नदी लाल निशान से 72 सेमी. नीचे बह रही है। जलस्तर बढ़ने से कर्नलगंज व तरबगंज तहसील क्षेत्र में नदियों के किनारे बसे 174 गांवों के लोगों की बेचैनियां बढ़ती जा रही हैं। वहीं, जिले में 32.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। अधिशासी अभियंता बाढ़ कार्यखंड बीएन शुक्ल ने बताया कि अभी दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। स्थिति की निगरानी लगातार की जा रही है। एल्गिन-चरसड़ी व भिखारीपुर-सकरौर तटबंध सुरक्षित हैं। इनसेट

शनिवार को नदियों का जलस्तर

नदी खतरे का निशान जलस्तर

घाघरा 106.07 105.87

सरयू 92.73 92.01

घाघरा में डिस्चार्ज पानी-151861 क्यूसेक।

नोट : यह आंकड़े शाम चार बजे तक के हैं, जो बाढ़ कार्यखंड से जुटाए गए हैं। जलस्तर मीटर में है।

Back to top button