बहराइच : डीएम हुए कोरोना पॉजिटिव, मंत्रियों के साथ शनिवार को की थी बैठक, हड़कंप

बहराइच। जिले में कोरोना वायरस का कहर जोरों पर है। डीएम व डीपीआरओ समेत जिले के अन्य आलाधिकारी भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। पूर्व की अपेक्षा अब स्थितियां और भी भयावह होती नजर आ रहीं हैं। इनकी हरकतों से संक्रमण का प्रकोप एक बृहद स्तर पर फैलने की प्रबल संभावना देखी जा रही है। प्रशासनिक अमले के साथ सूबे के कई मंत्रियों समेत जिले के तमाम जनप्रतिनिधियों व पत्रकारों के भी संक्रमित होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।

रविवार को जिले के डीएम शम्भू कुमार की एंटीजेन टेस्ट में कोरोना की पॉजिटिव रिपोर्ट पाई गई है।जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। जिसके बाद डीएम होम आइसोलेटे हो गए।गौरतलब है कि बीते शनिवार को ही

डीएम आवास के दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद डीएम आवास में रहने वाले सभी लोगों का सैम्पल जांच के लिए भेज दिया गया था। बीते कुछ दिनों में ही डीएम ने प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के साथ बैठक में हिस्सा लिया है। इन मंत्रियों में सूबे के गन्ना मंत्री सुरेश राणा, जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर और मंत्री बलदेव सिंह औलख शामिल हैं। डीएम के पॉजिटिव रिपोर्ट आने के एक दिन पूर्व ही प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर व मंत्री बलदेव सिंह ने जिलाधिकारी समेत जिले के अन्य आलाधिकारियों व जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की है। वहीं डीएम के संपर्क में जिले के कई पत्रकार भी आए हैं।

इतना ही नही लापरवाही का आलम यह था कि जिले के डीपीआरओ के दफ्तर में एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। जिसके बाद डीपीआरओ का भी शुक्रवार को एंटीजन टेस्ट हुआ,जिसमे वह भी पॉजिटिव पाए गए। लेकिन जांच के कुछ समय बाद ही डीपीआरओ ने लापरवाही बरतते हुए जिले के तमाम अधिकारियों के साथ लगातार तीन घण्टे तक बैठक की।जिसमे जिले की नवागन्तुक सीडीओ समेत जिले के 14 ब्लॉक के बीडीओ व एडीओ पंचायत भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि डीपीआरओ ने कई सरकारी दस्तावेजों पर सीडीओ से हस्ताक्षर भी कराए थे और उसदिन ही शाम को डीपीआरओ की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई आ गई। डीपीआरओ की इस लापरवाही से जिले के इन सभी अधिकारियों के संक्रमित होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि अगर यह सभी अधिकारी संक्रमित हुए तो इनके साथ काम करने वाले लोग व जिले के उन स्थानों पर जहां इनकी तैनाती है उस क्षेत्र के तमाम आमजन भी इनके संपर्क में आए होंगे और उनके भी संक्रमित होने की पूर्ण आशंका है।

कोरोना को देखते हुए यह तथ्य बहुत महत्वपूर्ण है कि बीते तीन दिनों में जिलाधिकारी, पुलिस कप्तान व अपर पुलिस अधीक्षक, सीडीओ परियोजना अधिकारी, डूडा अधिकारी समेत जिले के तमाम अन्य आलाधिकारी भी एक दूसरे के सम्पर्क में आए हैं। इसकी जद में आने से इन सभी के पॉजिटिव होने की संभावना बढ़ती ही जा रही है।बीते दिनों रिसिया के एल1 कवारेन्टीन सेंटर में पहुंच कर डीएम शम्भू कुमार ने भोजन की गुणवत्ता की जांच की थी। वहीं उनके साथ जिले की मुख्य विकास अधिकारी व सीएमओ समेत अन्य लोग भी मौजूद थे। जब यह आलाधिकारी स्वयं ही सुरक्षित नही बचे हैं तो आमजन को कैसे सुरक्षित माना जाए? एक बड़ी लापरवाही के कारण ही जिले में लगातार पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला रहा है।

निर्देशों का पालन न करने से बढ़ रहा संक्रमण, डीएम की अपील के बाद भी जनता बेखौफ

रामसनेहीघाट, बाराबंकी। सरकार व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना संक्रमण से संबंधित जारी गाइड लाइन का जनता द्वारा फॉलो न करने का नतीजा है कि कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है, रविवार को बनीकोडर क्षेत्र अंतर्गत में एक  साथ 14 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया तत्काल चिकित्सा कर्मियों ने पहुँचकर कुछ मरीजों को उनके घरों पर ही आइसोलेट कराने के साथ ही कुछ लोगों को उपचार के लिए हिन्द हॉस्पिटल भेज दिया।

बाराबंकी जिलाधिकारी लगातार अपील कर रहे है कि सरकार व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना वायरस से बचने के लिए जारी सुझाव का पालन करे, भीड़भाड़ वाले स्थान पर न जाये आवश्यकता पड़ने पर घर से निकले भी तो मास्क का प्रयोग जरूर करे लेकिन जनता बेखौफ होकर डीएम की अपील को नजर अंदाज कर रही है जिसका नतीजा है कि जनपद बाराबंकी में कोरोना वायरस से संक्रमितों में इजाफा होता जा रहा है,  तहसील रामसनेहीघाट मुख्यालय स्थित भिटरिया में 3 दिन पूर्व एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी।

इसके बाद प्रशासन द्वारा भिटरिया में कैंप लगाकर आस पास के लोगो की जांच कराई थी। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में एक ही परिवार के 7 लोग तथा अन्य 5 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए, यहीं नही तहसील क्षेत्र के दलसिंह पुर मजरे टांडा गांव निवासी दो लोगों ने अपनी जांच कराई थी जिनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। भिटरिया में एक साथ 12 कोरोना संक्रमित मरीज पाए जाने से हड़कंप मच गया।

चिकित्सा विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर इनमें से कई लोगों को होम आइसोलेट करा दिया जबकि समुचित सुविधा ना होने के कारण 5 लोगों को इलाज के लिए हिन्द हॉस्पिटल भेज दिया गया। दलसिंह पुर गांव में पाए गए दोनों मरीजों की इस स्थिति को देखते हुए उन्हें भी हिन्द हॉस्पिटल भेजा गया है।

पहले से ही सील चल रहे भिटरिया का एसडीएम राजीव कुमार शुक्ला ने गांव का निरीक्षण करके दोबारा सेनीटाइज कराने निर्देश है। शुक्ला ने सभी लोगों से स्पष्ट कहा है कि कोरोना का प्रभाव बढ़ता जा रहा है इसे रोकने के लिए हम सबको सावधानी बरतनी चाहिए उन्होंने लोगों से सोशल डिस्टेंस बनाए रखने, मास्क का प्रयोग करने के साथ ही सरकार द्वारा जारी किए गए सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

बहराइच तेंदुए ने गाय को बनाया निवाला

कतर्नियाघाट (बहराइच)। बारिश के मौसम में इन दिनों वन्यजीवों के हमले काफी बढ़ गए हैं। शनिवार की देर शाम वनग्राम  भवानीपुर निवासी झगड़ू के अहाते में बंधे मवेशियों के झुंड पर जंगल से आए तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए ने जोरदार प्रहार से एक गाय को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मवेशियों की छटपटाहट सुनकर परिवार के लोग हाका लगाते हुए दौड़े जिसपर तेंदुआ गाय को मौके पर ही जख्मी हालत में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। पीड़ित परिवार के लोगों ने प्राथमिक उपचार कर गाय को बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन गाय ने चंद मिनट में ही दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना रेंज कार्यालय पर दी। वन क्षेत्राधिकारी पियूष मोहन श्रीवास्तव ने कहा वन कर्मियों की एक टीम भेजकर हमले की पुष्टि की जाएगी और गांव वासियों को सजक किया जाएगा।

Back to top button