बचे हुए चावलों से झटपट बनाएं रेस्टोरेंट जैसा ‘पनीर फ्राइड राइस’

जब बात झटपट बनने वाले और बच्चों से लेकर बड़ों तक के पसंदीदा खाने की होती है, तो पनीर फ्राइड राइस का नाम सबसे ऊपर आता है। यह डिश न केवल देखने में आकर्षक लगती है, बल्कि प्रोटीन से भरपूर होने के कारण सेहतमंद भी है।

इंडो-चाइनीज स्वाद का यह तड़का आपकी लंच की बोरियत को दूर कर सकता है या रात के खाने को खास बना सकता है। पनीर फ्राइड राइस की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे आप बचे हुए चावलों से भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर रेस्टोरेंट जैसा खिला-खिला और खुशबूदार पनीर फ्राइड राइस बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री
चावल- 2 कप
पनीर- 200 ग्राम (छोटे क्यूब्स में कटा हुआ)
सब्जियां- आधा कप बारीक कटी गाजर, आधा कप शिमला मिर्च, और थोड़ा सा पत्ता गोभी
अदरक-लहसुन- 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च- 2-3
सॉस- 1 बड़ा चम्मच सोया सॉस, 1 बड़ा चम्मच रेड चिली सॉस, 1 छोटा चम्मच विनेगर
मसाले- आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, नमक स्वादानुसार
तेल- 2-3 बड़े चम्मच
गार्निश के लिए- बारीक कटा हरा प्याज

बनाने की विधि
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें और पनीर के क्यूब्स को हल्का सुनहरा होने तक तल लें। तले हुए पनीर को एक प्लेट में निकाल कर अलग रख दें। तलने से पनीर का टेक्सचर फ्राइड राइस में बेहतर रहता है और वह टूटता नहीं है।
अब एक बड़ी कड़ाही में तेज आंच पर तेल गरम करें। इसमें बारीक कटा लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालें। इन्हें कुछ सेकंड के लिए भूनें, ताकि इनकी कच्ची महक निकल जाए, लेकिन ध्यान रहे कि ये जलने न पाएं।
अब इसमें कटी हुई गाजर, शिमला मिर्च और पत्ता गोभी डालें। चाइनीज कुकिंग में आंच हमेशा तेज रखी जाती है ताकि सब्जियां पक तो जाएं लेकिन उनका कुरकुरापन बना रहे। सब्जियों को 2-3 मिनट तक टॉस करें।
अब कड़ाही में उबले हुए चावल डालें। ऊपर से सोया सॉस, चिली सॉस, विनेगर, काली मिर्च पाउडर और नमक डालें। अब हल्के हाथों से चावलों को सब्जियों और सॉस के साथ मिलाएं। ध्यान रहे कि चावल के दाने टूटने न पाएं।
लास्ट में, पहले से तले हुए पनीर क्यूब्स डालें और एक बार फिर अच्छी तरह टॉस करें। 1-2 मिनट तक तेज आंच पर पकाएं, ताकि सॉस का स्वाद चावल और पनीर में अच्छी तरह समा जाए।

Back to top button