बंगाल के बांकुड़ा में आतंकी संगठनों से संबंध के संदेह में युवक गिरफ्तार

 बंगाल के बांकुड़ा जिले में आतंकी संगठनों से कथित संबंधों के संदेह में 20 वर्षीय युवक मीर आसिफ अली को गिरफ्तार किया गया है।

तेलंगाना पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने खातरा थाना क्षेत्र के खरबन मोड़ इलाके में स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार और ट्रांजिट रिमांड पर तेलंगाना ले गई।

सूत्रों के अनुसार, तेलंगाना में हाल में तीन लोगों को आईएसआईएस और अल-कायदा जैसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

उन आरोपितों के मोबाइल फोन और इंटरनेट मीडिया की जांच के दौरान मीर आसिफ अली का नाम सामने आया, जिसके बाद एसटीएफ ने बांकुड़ा में छापेमारी की।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आसिफ के इंटरनेट मीडिया हैंडल पर कई संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले हैं। उसके एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक तस्वीर भी पाई गई, जिसमें वह एके सीरीज की राइफल के साथ नजर आ रहा है।

हालांकि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह तस्वीर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) की मदद से बनाई गई हो सकती है। इसके अलावा, जांचकर्ताओं का दावा है कि उसके इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल पर राष्ट्रविरोधी सामग्री से जुड़े कई पोस्ट भी मिले हैं।

इन्हीं तथ्यों के आधार पर एसटीएफ ने 25 मार्च की देर रात खातरा क्षेत्र के खदबन इलाके में छापेमारी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार किया।

बाद में उसे खातरा उपमंडल न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर तेलंगाना ले जाने की अनुमति दे दी। वहीं, आरोपित के परिवार ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए उसे निर्दोष बताया है।

Back to top button